पटना : महावीर मंदिर के पूर्व संस्थापक सचिव पद्मश्री आचार्य किशोर कुणाल के नाम पर पटना जंक्शन स्थित सब-वे का नामकरण होगा. इस बावत प्रस्ताव पारित हो गया है. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए इसे महावीर मंदिर के साथ शेयरिंग बेसिस पर संचालित करने का प्रस्ताव भी पारित हुआ. अब पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड के तहत जीपीओ गोलंबर के नजदीक मल्टी माडल हब को पटना जंक्शन से जोड़ने के लिए निर्मित भूमित (सब-बे) का आधिकारिक नामकरण आचार्य किशोर कुणाल सब-बे होगा. इसकी पुष्टि बिहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद के सदस्य और श्री महावीर स्थान न्यास समिति के सचिव सायण कुणाल ने की. इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और उनकी सरकार और मंत्रिमंडल का हृदय से आभार प्रकट किया है.

सायण कुणाल ने कहा कि रामनवमी जैसे बड़े पर्व पर जब श्रद्धालुओं को लंबी कतार में प्रतीक्षा करनी पड़ती है,ऐसे में वातानुकूलित सब-वे का उपयोग श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए किया जा सकेगा. साथ ही,सबवे में निर्मित दुकानों का भी संचालन स्वीकृति के पश्चात किया जा सकेगा.

साथ ही बेगूसराय की बहुप्रतीक्षित मांग को ध्यान में रखते हुए आवश्यक राशि का आवंटन किया गया तथा रामधारी सिंह दिनकर विश्वविद्यालय के प्रस्ताव को भी उनकी जयंती के अवसर पर स्वीकृति प्रदान की गई. यह बेगूसराय के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है.

इन निर्णयों से श्रद्धालुओं की सुविधा,मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं और क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी. इस महत्वपूर्ण पहल के लिए बिहार सरकार और मंत्रिमंडल का पुनः आभार.

पटना से अंकिता की रिपोर्ट--