बेगूसराय : प्रधान डाकघर और पासपोर्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी,बम निरोधक दस्ता कर रही जांच
बेगूसराय:प्रधान डाकघर और पासपोर्ट सेवा केंद्र को बम से उड़ाने की धमकी ई-मेल के माध्यम से मिली है. बम से उड़ाने की धमकी की सूचना मिलते ही अफरा-तफरी मच गई. आनन-फानन में प्रधान डाकघर और पासपोर्ट कार्यालय को खाली कराया गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और बम निरोधक दस्ता (Bomb Disposal Squad) मौके पर पहुंचकर पूरे इलाके को सील कर गहन जांच-पड़ताल में जुटी हुई है.
ई-मेल में दी गई स्पष्ट शब्दों में चेतावनी
जानकारी के अनुसार,सोमवार दोपहर करीब 12 बजे बेगूसराय की डाक अधीक्षक अर्चना कुमारी ने अपना आधिकारिक ई-मेल चेक किया तो उनके होश उड़ गए. किसी अज्ञात आईडी से भेजे गए इस ई-मेल में स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी गई है कि बेगूसराय प्रधान डाकघर और पासपोर्ट ऑफिस परिसर में बम लगा दिया गया है,किसी भी समय विस्फोट कर उड़ा दिया जाएगा. डाक अधीक्षक ने मामले की सूचना नगर थाना पुलिस को दी है.
पूरे डाक परिसर को कराया गया खाली
धमकी भरा ई-मेल आने के बाद कार्यालय के अधिकारियों व कर्मचारियों को सतर्क किया गया.धमकी की खबर मिलते ही प्रधान डाकघर और पासपोर्ट कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों और अपने आवश्यक कार्यों के लिए पहुंचे आम लोगों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई. सुरक्षाकर्मियों और डाक विभाग के अधिकारियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए बेहद कम समय में पूरे परिसर को सुरक्षित रूप से खाली करा लिया.
पैगंबर साहब के खिलाफ टिप्पणी करने पर मिली धमकी
साइबर डीएसपी इमरान अहमद ने बताया कि पोस्ट ऑफिस को ई-मेल में लिखा गया है कि पैगंबर साहब के खिलाफ टिप्पणी की गई है इसलिए इसको उड़ा दिया जाएगा.
सुरक्षा के लिहाज से घेराबंदी की गईडाकघर और पासपोर्ट ऑफिस
एका एक कार्यालय बंद होने और परिसर खाली कराए जाने से नागरिकों में दहशत है.सूचना मिलने के तुरंत बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. सुरक्षा के लिहाज से पूरे प्रधान डाकघर और पासपोर्ट ऑफिस परिसर की घेराबंदी कर दी गई है. हालांकि, अभी तक किसी भी तरह की कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है.





