Hindi News / धनबाद में जेएमएम ने बीजेपी को घेरा,आरोपी नेता को फांसी देने की मांग

बच्ची हत्याकांड पर सरगर्मी तेज : धनबाद में जेएमएम ने बीजेपी को घेरा,आरोपी नेता को फांसी देने की मांग

Edited By:  |
bachhi hatyakand par sargarmi tej bachhi hatyakand par sargarmi tej

धनबाद:हजारीबाग के विष्णुगढ़ में हुई बच्ची की निर्मम हत्या मामले पर सरगर्मी तेज हो गई है. इस घटना की गुत्थी सुलझने के बाद जेएमएम ने बीजेपी को घेराना शुरू कर दी है. इस मामले को लेकर अब राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है. जेएमएम जिला अध्यक्ष लक्की सोरेन ने आरोप लगाया है कि हजारीबाग की घटना को बीजेपी ने साम्प्रदायिक रूप देने का प्रयास किया है.

हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत कुसुंबा गांव में हुई बच्ची की निर्मम हत्या मामले में प्रदेशभर में आक्रोश है. इस मामले को लेकर अब राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है. इस घटना को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा लगातार बीजेपी को घेर रही है.

जेएमएम ने इस अपराध को मानवता को झकझोर देने वाला बताते हुए कड़ी प्रतिक्रिया दी है. जिला अध्यक्ष लक्की सोरेन ने कहा कि हजारीबाग की घटना को बीजेपी ने साम्प्रदायिक रूप देने का प्रयास किया. 03 अप्रैल को बीजेपी ने बंद बुलाया था, पर जैसे ही सच्चाई सामने आयी बीजेपी का मुंह बंद हो गया और बंद को भी स्थगित कर दी गई. वहीं, सचिव मन्नू आलम ने कहा कि पुलिस जांच में सामने आया है कि इस जघन्य हत्या का मुख्य आरोपी भीम राम बीजेपी से जुड़ा हुआ है. जिसने कथित रूप से बच्ची की हत्या की.

उन्होंने कहा कि घटना के बाद शुरुआती दौर में बीजेपी नेताओं ने बिना तथ्य के राज्य सरकार और कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए थे. उन्होंने आरोप लगाया है कि बीजेपी द्वारा राज्य में आंदोलन और बंद की चेतावनी देकर माहौल को तनावपूर्ण बनाने की कोशिश की गई थी. जैसे ही पुलिस प्रशासन द्वारा मामले का खुलासा किया गया और आरोपी की पहचान सामने आई, भाजपा नेताओं की चुप्पी भी सामने आ गई. उन्होंने इस जघन्य अपराध में शामिल आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है.