Hindi News / स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने की विकास योजनाओं की समीक्षा

वैशाली में पंचायत विकास दिवस पर उत्साह : स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने की विकास योजनाओं की समीक्षा

Edited By:  |
vaishali mein mnaa panchayat vikash diwas par utsah vaishali mein mnaa panchayat vikash diwas par utsah

वैशाली: जिले की सभी ग्राम पंचायतों में 28 जून को "पंचायत विकास दिवस" उत्साह और जनभागीदारी के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने प्रभारी मंत्री के रूप में विभिन्न पंचायतों में पहुंचकर विकास योजनाओं की समीक्षा की और स्थानीय लोगों से संवाद किया। कार्यक्रम का उद्देश्य पंचायत स्तर पर चल रही विकास योजनाओं की प्रगति का आंकलन करना तथा ग्रामीणों को विकास प्रक्रिया में अधिक से अधिक भागीदारी के लिए प्रेरित करना था।

मंत्री ने पंचायतों में संचालित विभिन्न योजनाओं की ली जानकारी

पंचायत विकास दिवस के तहत कई विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए,जिनमें ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने सक्रिय रूप से हिस्सा लिया। मंत्री ने पंचायतों में संचालित विभिन्न योजनाओं की स्थिति की जानकारी ली और अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और पंचायतें विकास की मजबूत इकाई के रूप में कार्य करें।

निशांत कुमार नेपंचायत के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने को कहा

ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों से संवाद के दौरान निशांत कुमार ने लोगों से अपने गांव और पंचायत के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी के बिना किसी भी विकास योजना का उद्देश्य पूरी तरह सफल नहीं हो सकता। गांव के लोगों को अपनी समस्याओं और सुझावों को खुलकर सामने लाना चाहिए, ताकि विकास कार्यों को और बेहतर बनाया जा सके।

पंचायतों को सशक्त बनाने पर सरकार को जोर

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि "मजबूत पंचायत, सशक्त गांव और समृद्ध बिहार" ही पंचायत विकास दिवस का मूल संकल्प है। उन्होंने जोर देकर कहा कि पंचायतों को सशक्त बनाकर ही ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा सकता है।

जिले भर में विकास और जनसहभागिता का संदेश

उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे अपने गांव के विकास में भागीदार बनें और जनभागीदारी के माध्यम से सुशासन को नई मजबूती प्रदान करें। पंचायत विकास दिवस के अवसर पर जिले भर में विकास और जनसहभागिता का संदेश प्रमुखता से देखने को मिला।