वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने की कार्रवाई,महुआ थाना क्षेत्र के सैदपुर बिलंदपुर गांव में घर पर छापेमारी कर पकड़ा गया आरोपी
वैशाली: बिहार के वैशाली जिले में सोशल मीडिया पर अवैध हथियार लहराने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। महुआ थाना क्षेत्र के सैदपुर बिलंदपुर गांव में छापेमारी कर पुलिस ने एक युवक को देसी कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान अमोद कुमार राय के रूप में हुई है। वह गांव के ही अकलू राय का पुत्र बताया जा रहा है।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था हथियार लहराने का वीडियो
इस मामले में महुआ एसडीपीओ पोलसत कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें एक व्यक्ति अवैध हथियार लहराता हुआ दिखाई दे रहा था। वीडियो की जानकारी वरीय पुलिस अधिकारियों को भी मिली थी। इसके बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी के निर्देश पर वीडियो का सत्यापन कराया गया। सत्यापन के दौरान वीडियो में अवैध हथियार लहराते हुए एक व्यक्ति की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस ने उसकी पहचान सुनिश्चित कर सैदपुर बिलंदपुर गांव स्थित उसके घर पर छापेमारी की।

घर से बरामद हुआ देसी कट्टा
पुलिस की छापेमारी के दौरान युवक के घर से गैर लाइसेंसी देसी कट्टा बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने अमोद कुमार राय को गिरफ्तार कर लिया। मामले में जिंदा कारतूस की बरामदगी की भी जानकारी दी गई है।

आपराधिक इतिहास खंगाल रही पुलिस
एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार युवक के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। सोशल मीडिया पर हथियार का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में चर्चा का माहौल है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध हथियारों के प्रदर्शन और इस तरह की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।