लोअर बाजार थाना क्षेत्र के फतेउल्लाह रोड पर हुई थी वारदात, CCTVफुटेज के आधार पर पुलिस ने दबोचा;दोनों आरोपियों को भेजा गया जेल
रांची: राजधानी रांची में दुर्गा पूजा के दौरान मोबाइल और चांदी का ब्रेसलेट छिनतई करने वाले दो आरोपियों को लोअर बाजार थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से छीना गया आईफोन, रेडमी मोबाइल, चांदी का ब्रेसलेट और एक चाकू बरामद किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
फतेउल्लाह रोड पर हुई थी छिनतई की घटना
मामला लोअर बाजार थाना क्षेत्र के फतेउल्लाह रोड का है। जानकारी के अनुसार, दुर्गा पूजा के दौरान टाटीसिलवे निवासी अमित कुमार से मोबाइल फोन और चांदी का ब्रेसलेट छीन लिया गया था। घटना के बाद पीड़ित ने लोअर बाजार थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।
CCTVफुटेज से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर थाना प्रभारी लव कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज और जांच के आधार पर छिनतई में शामिल दो आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तल्हा उर्फ चरका और साहिर खान उर्फ बाबू चरका के रूप में हुई है।
आईफोन,रेडमी मोबाइल और चाकू बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से छिनतई का सामान बरामद किया है। बरामदगी में एक आईफोन, एक रेडमी मोबाइल, चांदी का ब्रेसलेट और एक चाकू शामिल है। बताया जा रहा है कि आरोपी तल्हा उर्फ चरका के खिलाफ वर्ष 2016 में कोतवाली थाना क्षेत्र में भी एक मामला दर्ज हुआ था। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
रांची से नैयर की रिपोर्ट

