पटना : बिहार की महिला तीरंदाजों ने प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा और दमखम का परिचय दिया है. महिला इंडियन राउंड तीरंदाजी स्पर्धा में बिहार की टीम ने लगातार बेहतर खेल दिखाते हुए महाराष्ट्र और पंजाब की टीमों को पराजित किया. हालांकि, तीसरे मुकाबले में उत्तर प्रदेश के खिलाफ कड़े संघर्ष के बाद बिहार को 3-5 अंकों से हार का सामना करना पड़ा.

इस हार के बावजूद बिहार की टीम ने प्रतियोगिता में पदक जीतने की उम्मीदें बरकरार रखी है. अब बिहार की महिला तीरंदाजी टीम 16 नवंबर को कांस्य पदक के मुकाबले में मणिपुर की टीम के सामने उतरेगी. इस मुकाबले में जीत हासिल कर बिहार की बेटियों के पास प्रतियोगिता में पदक अपने नाम करने का सुनहरा अवसर होगा.