रांची: सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा से जुड़े नाबालिग बच्ची के कथित यौन शोषण मामले को लेकर झारखंड की राजनीति में बयानबाजी जारी है। अब झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने इस पूरे प्रकरण पर प्रतिक्रिया देते हुए राज्य सरकार से निष्पक्ष और पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि दोषी चाहे कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसे कानून के अनुसार सजा मिलनी चाहिए।
भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश द्वारा राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पर लगाए गए आरोपों के संदर्भ में विनोद पांडेय ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि नाबालिग बच्ची से जुड़ा मामला बेहद गंभीर है और इसमें किसी भी व्यक्ति को राजनीतिक या प्रशासनिक संरक्षण नहीं मिलना चाहिए।
पीड़िता को न्याय मिलना सबसे महत्वपूर्ण: विनोद पांडेय
विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि इस मामले में सबसे महत्वपूर्ण बात नाबालिग बच्ची को न्याय दिलाना है। जांच एजेंसियों को तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की तह तक जाना चाहिए, ताकि वास्तविक सच्चाई सामने आ सके। उन्होंने कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है। किसी व्यक्ति को उसके पद, राजनीतिक प्रभाव या पार्टी से जुड़े होने के आधार पर संरक्षण नहीं मिलना चाहिए। जो भी दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ बिना किसी भेदभाव के कठोर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।
न्यूज चैनल कार्यालय में पुलिस कार्रवाई की भी हो जांच
पुलिस द्वारा न्यूज चैनल के कार्यालय में की गई कार्रवाई को लेकर उठे सवालों पर भी JMM महासचिव ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यदि कार्रवाई के दौरान किसी तरह की अनियमितता हुई है तो उसकी भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पुलिस को कानून के दायरे में रहकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए। मीडिया की स्वतंत्रता और कानून के पालन, दोनों का सम्मान होना जरूरी है।
साजिश हुई है तो उसके पीछे के चेहरे भी हों बेनकाब
विनोद पांडेय ने कहा कि पूरे प्रकरण में यदि किसी तरह की साजिश रची गई है या राजनीतिक लाभ लेने के उद्देश्य से तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है, तो उसका भी पर्दाफाश होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जांच में यदि किसी व्यक्ति की जानबूझकर साजिश में शामिल होने की भूमिका सामने आती है तो उसे भी बेनकाब कर कानून के मुताबिक कार्रवाई की जानी चाहिए।
राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप से ऊपर उठकर हो कार्रवाई
JMM महासचिव ने कहा कि इतने संवेदनशील मामले को केवल राजनीतिक बयानबाजी और आरोप-प्रत्यारोप तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए। न किसी आरोपी को राजनीतिक संरक्षण मिलना चाहिए और न ही जांच को प्रभावित करने की कोशिश होनी चाहिए। उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि पूरे मामले की जांच पारदर्शी तरीके से कराई जाए, पीड़िता को न्याय मिले और यदि किसी स्तर पर कानून का उल्लंघन हुआ है तो संबंधित लोगों की जवाबदेही तय की जाए।
रांची से संदीप यादव की रिपोर्ट

