पटना: बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य की डबल इंजन सरकार और जनता दल यूनाइटेड के अंदरूनी हालात को लेकर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि सरकार में बैठे लोगों को दवाई और कार्रवाई में विश्वास नहीं है. बाढ़, सुखाड़ और बिहार के लिए विशेष पैकेज को लेकर भी उन्होंने सरकार पर सवाल उठाए.
तेजस्वी यादव ने सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि यह दो नंबरी सरकार है और मुख्यमंत्री10नंबरी हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में बाढ़ और सुखाड़ जैसी समस्याओं से निपटने के लिए सरकार ने कोई ठोस उपाय नहीं किया है. विशेष पैकेज को लेकर भी उन्होंने सरकार के प्रयासों पर सवाल खड़े किए.
अनंत सिंह प्रकरण पर भी तेजस्वी यादव ने अपनी बात रखी. उन्होंने बिहार में विश्वास मत के दौरान तीन विधायकों का जिक्र किया. तेजस्वी ने नीलम देवी, प्रह्लाद यादव और पूर्व सांसद आनंद मोहन के बेटे चेतन आनंद का नाम लेते हुए कहा कि इन तीनों विधायकों ने पार्टी के साथ गद्दारी की थी. उन्होंने दावा किया कि उस समय ही उन्होंने तीनों को चेतावनी दी थी.
तेजस्वी यादव ने कहा कि उन्होंने पहले ही भविष्यवाणी की थी कि नीतीश कुमार पांच साल तक मुख्यमंत्री नहीं रहेंगे. उनके मुताबिक, बाद की राजनीतिक घटनाओं से उनकी बात सही साबित हुई.
जेडीयू में अंदरूनी खींचतान का आरोप
तेजस्वी ने दावा किया कि जनता दल यूनाइटेड में आपसी लड़ाई चल रही है और उन्होंने पहले जो बातें कही थी, वे सच साबित हो रही है. उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व को लेकर भी निशाना साधा और दावा किया कि उनके चेहरे पर भाजपा को बिहार में10सीटें भी नहीं मिलेंगी.
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा से जुड़े कुछ नेताओं ने अपने स्वार्थ के लिए जेडीयू को बेच दिया. अनंत सिंह के मामले पर तेजस्वी ने कहा कि उनके साथ जो हो रहा है, वह हो रहा है और उनकी तरफ से कोई प्रस्ताव नहीं है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
