वीर कुंवर सिंह पार्क के पास पुलिस की छापेमारी,आरोपियों के पास से दो जिंदा कारतूस,तीन मोबाइल और19,710रुपये नकद बरामद
पटना: बिहार की राजधानी पटना में अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री और सप्लाई के नेटवर्क के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली थाना क्षेत्र के वीर कुंवर सिंह पार्क के पास गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देसी पिस्तौल, मैगजीन,दो जिंदा कारतूस,तीन मोबाइल फोन और19हजार710रुपये नकद बरामद किए हैं।
गुप्त सूचना पर पुलिस की कार्रवाई
जानकारी के अनुसार,पुलिस को वीर कुंवर सिंह पार्क के पास अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री और सप्लाई से जुड़ी गतिविधियों की सूचना मिली थी। इसके बाद कोतवाली थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मौके से दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया।
तलाशी के दौरान उनके पास से हथियार और अन्य सामान बरामद किए गए। पुलिस ने बरामदगी के बाद आरोपियों से पूछताछ शुरू की, जिसमें कथित हथियार सप्लाई नेटवर्क से जुड़े कई पहलुओं की जानकारी सामने आई।
नालंदा और सारण के निवासी गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नालंदा जिले के इस्लामपुर निवासी सौरव कुमार और सारण जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र निवासी रवि रंजन सिंह के रूप में हुई है।
पूछताछ के दौरान दोनों ने कथित तौर पर हथियारों की सप्लाई में शामिल होने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने उनकी निशानदेही पर तीसरे आरोपी अमन अरसक को भी गिरफ्तार कर लिया।
हथियारों की सप्लाई के नेटवर्क की जांच
इस मामले में कोतवाली थाने में आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास और हथियारों की खरीद-बिक्री से जुड़े नेटवर्क की जांच कर रही है।
जांच के दौरान यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आरोपी हथियार कहां से हासिल करते थे,किन लोगों तक उनकी सप्लाई की जाती थी और इस नेटवर्क में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।
फिलहाल तीनों आरोपियों से जुड़े मामले में पुलिस की जांच जारी है। हथियार सप्लाई नेटवर्क के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की पड़ताल के बाद इस मामले में और खुलासे होने की संभावना है।
पटना से विवेक कुमार की रिपोर्ट

