दिल्ली : भगवान श्रीकृष्ण को लेकर बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के 'विवादित' बयान को लेकर पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने में मामला दर्ज कराया है. दरअसल बागेश्वर बाबा का सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें वो भगवान श्रीकृष्ण और श्रीराम की तुलना कर रहे थे और कुछ भाव भंगिमाएं बनाकर उनका मजाक बना रहे थे. हालांकि बाद में सफाई देते हुए धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि उनकी बातों का गलत मतलब निकाला गया है. वो केवल भावपूर्ण अभिव्यक्ति कर रहे थे.
सांसद ने कहा भगवान श्रीकृष्ण करोड़ों लोगों की आस्था, श्रद्धा और विश्वास के प्रतीक हैं. उनकी गरिमा और धार्मिक भावनाओं का सम्मान करना प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है.
उन्होंने कहा हमारी मांग है कि इस मामले में निष्पक्ष जांच हो और कानून के अनुसार उचित कार्रवाई की जाए. आस्था और धार्मिक भावनाओं के सम्मान से कोई समझौता नहीं किया जा सकता.
राजीव रंजन की रिपोर्ट-
