बैंक खाते,पासबुक,एटीएम और सिम कार्ड उपलब्ध कराकर ठगी की रकम मंगवाने का आरोप, 3.70लाख रुपये नकद, 15एटीएम कार्ड और दो वाहन जब्त
चतरा: नौकरी दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगी के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले गिरोह का चतरा पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में एक महिला समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से 3 लाख 70 हजार रुपये नकद, 15 एटीएम कार्ड, आठ एंड्रॉयड मोबाइल फोन, चार सिम कार्ड, सोने की चेन, तीन कलाई घड़ियां समेत कई सामान बरामद किए गए हैं। इसके अलावा एक कार और एक बुलेट मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
इस संबंध में चतरा एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस को बीते 2 नवंबर को एक आवेदन प्राप्त हुआ था। इसमें नौकरी दिलाने के नाम पर एक व्यक्ति को बैंक खाता, पासबुक, एटीएम कार्ड और सिम कार्ड उपलब्ध कराने की बात सामने आई थी।
जांच के दौरान पता चला कि संबंधित बैंक खाते में साइबर ठगी के माध्यम से अवैध रूप से रकम ट्रांसफर की गई थी। इसके बाद पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में एक महिला भी शामिल
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुस्कान प्रवीण, मनीष कुमार, दीपक कुमार पासवान, इमामुल अंसारी और सोनू कुमार के रूप में हुई है। इनमें एक महिला भी शामिल है। आरोप है कि ये लोग नौकरी दिलाने का झांसा देकर बैंक खाते और उनसे जुड़े दस्तावेज उपलब्ध कराने के माध्यम से साइबर ठगी के नेटवर्क में शामिल थे।
नकदी,एटीएम कार्ड और वाहन बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 3.70 लाख रुपये नकद, 15 एटीएम कार्ड, आठ एंड्रॉयड मोबाइल फोन, चार सिम कार्ड, सोने की चेन और तीन कलाई घड़ियां बरामद की हैं। इसके साथ ही एक कार और एक बुलेट मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
इस कार्रवाई में चतरा पुलिस की तकनीकी टीम, सदर थाना पुलिस और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की संलिप्तता की जांच कर रही है। साथ ही साइबर ठगी के नेटवर्क और बैंक खातों में हुए संदिग्ध लेन-देन की भी पड़ताल की जा रही है।
चतरा से संजय कुमार की रिपोर्ट

