कलेक्ट्रेट सहित कई घाटों पर गंगा का जलस्तर सामान्य से अधिक

पटनाः छठ महापर्व के मद्देनजर पटना नगर निगम द्वारा गंगा घाटों पर स्वच्छता, सुरक्षा एवं सुविधाओं को सुनिश्चित करने के लिए युद्धस्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। नगर आयुक्त श्री यशपाल मीणा की सतत निगरानी में सभी चिह्नित घाटों एवं उनके पहुंच पथों को निर्धारित समयसीमा में छठ व्रतियों के अनुकूल तैयार किया जा रहा है। गंगा के जलस्तर में उतार-चढ़ाव को देखते हुए संवेदनशील घाटों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है तथा परिस्थितियों के अनुरूप आवश्यक कार्य कराए जा रहे हैं।

महेंद्रू एवं बांस घाट के पहुंच पथों को किया जा रहा दुरुस्त

महेंद्रू घाट के पहुंच पथ को बालू एवं अन्य आवश्यक सामग्री डालकर जेसीबी की सहायता से समतल किया जा रहा है। पहुंच पथ से लेकर गंगा घाट तक पूरे मार्ग की डीप क्लीनिंग भी पूरी कर ली गई है।

वहीं, बांस घाट के अंडरपास में जमा गाद को जेसीबी से हटाया जा रहा है। मेट्रो निर्माण एजेंसी द्वारा डाली गई निर्माण सामग्री को हटाकर रास्ते का चौड़ीकरण किया जा रहा है, ताकि छठ व्रतियों को आवागमन में परेशानी न हो। घाट पर सीढ़ियों का निर्माण एवं अन्य आवश्यक कार्य भी कराए जा रहे हैं, जिससे घाट को सुरक्षा मानकों के अनुरूप तैयार किया जा सके।

सभी घाटों पर लाइट टावर का निर्माण

छठ घाटों पर पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित करने के लिए सभी घाटों पर लाइट टावर का निर्माण शुरू कर दिया गया है। प्रत्येक टावर पर चार से पांच फ्लड/मेटल लाइट लगाई जाएंगी। इसके अतिरिक्त घाटों एवं पहुंच पथों पर पहले से स्थापित 50 हाईमास्ट लाइट और लगभग 22 हजार स्थायी स्ट्रीट लाइट की लगातार निगरानी की जा रही है। खराब लाइटों की पहचान कर तत्काल मरम्मत भी कराई जा रही है।

तीन माह में 33 हजार स्ट्रीट लाइट की मरम्मत,6 हजार से अधिक नई लाइटें लगाई गईं

शहर की प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पटना नगर निगम द्वारा विशेष मरम्मत अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत पिछले तीन महीनों में लगभग 33 हजार स्ट्रीट लाइट की मरम्मत की गई है, जबकि खराब पाई गई 6 हजार से अधिक लाइटों को नई लाइटों से बदला गया है।

इस कार्य में निगम की 25-26 टीमें प्रतिदिन फील्ड में सक्रिय हैं। टीमें खराब लाइटों के स्विच, वायर, बल्ब एवं अन्य तकनीकी हिस्सों की जांच कर आवश्यक मरम्मत सुनिश्चित कर रही हैं।

प्रत्येक वार्ड में 100 अतिरिक्त स्ट्रीट लाइट लगाने की पहल

शहर के सभी 75 वार्डों में प्रकाश व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए प्रत्येक वार्ड में 100 अतिरिक्त स्ट्रीट लाइट लगाई जा रही हैं। इसकी पहली खेप में सभी वार्डों के लिए 1,800 लाइट उपलब्ध कराई गई हैं। दूसरी खेप भी अगले दो दिनों में सफाई निरीक्षकों को सौंप दी जाएगी, जिसके बाद इन्हें चिह्नित स्थलों पर लगाया जाएगा।

जलस्तर पर लगातार नजर,संवेदनशील घाटों पर विशेष निगरानी

कलेक्ट्रेट घाट, लोहरवा घाट, हनुमान घाट, गाय घाट एवं कंटाही घाट सहित कई घाटों पर गंगा का जलस्तर अभी अर्घ्य देने हेतु सामान्य से अधिक है। पटना नगर निगम द्वारा इन घाटों पर जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है। जलस्तर में बदलाव के अनुरूप घाटों की स्थिति का आकलन कर आवश्यक सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

पटना से अंकिता की रिपोर्ट