समस्तीपुर: जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के मोहनपुर वार्ड-39 में सूखा नशा के सेवन करने के लिए पैसे नहीं मिलने पर युवक ने अपने ही पिता की कुदाल से मारकर हत्या कर दी. पिता को बचाने पहुंची मां पर भी आरोपी ने हमला कर उन्हें गंभीर रूप से जख्मी कर दिया. घटना के बाद पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है. मृतक की पहचान मोहम्मद इस्लाम के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि उनका बेटा मोहम्मद अरमान सूखा नशे का आदी है. सुबह उसने पिता से नशे के लिए पैसे मांगे थे,लेकिन पिता ने पैसे देने से इनकार कर दिया. इसके बाद देर रात करीब 12 बजे अरमान नशे की हालत में घर पहुंचा और पिता से गाली-गलौज करते हुए विवाद करने लगा.

विवाद के दौरान आरोपी ने घर में रखी कुदाल उठा ली और पिता पर हमला कर दिया. कुदाल के वार से मोहम्मद इस्लाम गंभीर रूप से जख्मी हो गए. उन्हें इलाज के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल ले जाया गया,जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. पिता को बचाने पहुंची मां पर भी आरोपी ने हमला कर उन्हें जख्मी कर दिया. मृतक के तीन बेटे हैं. एक बेटा प्रदेश में रहकर मजदूरी करता है,जबकि दो बेटे घर पर ही रहते हैं. घटना के वक्त परिवार के अन्य सदस्य छत पर सो रहे थे. शोर सुनकर मृतक का छोटा बेटा नीचे आया और पिता को गंभीर हालत में पाया.

मृतक के छोटे बेटे ने बताया कि उसका भाई सूखे नशे का आदी है. सुबह उसने पिता से पैसे मांगे थे, लेकिन पिता ने पैसे देने से मना कर दिया था। रात करीब 12 बजे वह घर आया और माता-पिता से झगड़ने लगा. इस दौरान उसने कुदाल से पिता पर हमला कर दिया. मां बचाने गईं तो उन्हें भी मारकर जख्मी कर दिया.

परिजनों का कहना है कि लगातार सूखे नशे के सेवन के कारण अरमान की मानसिक स्थिति प्रभावित हो गई थी. घटना की सूचना मिलने के बाद मुफ्फसिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी मोहम्मद अरमान को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.