समस्तीपुर : बड़ी खबर समस्तीपुर से है जहां सरायरंजन थाना क्षेत्र के रायपुर पंचायत में शुक्रवार की देर शाम हथियारबंद अपराधियों ने 45 वर्षीय व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी. मृतक की पहचान रसलपुर गांव, वार्ड संख्या एक निवासी गंगो राय के पुत्र सुबोध राय के रूप में हुई है. सुबोध राय रायपुर पंचायत की वर्तमान पंच धर्मशिला देवी के पति थे.

सरायरंजन में पंच पति की गोली मारकर हत्या, बेटी की शादी से एक महीने पहले उजड़ गया घर

जानकारी के मुताबिक, सुबोध राय शुक्रवार की देर शाम किसी जरूरी काम से वार्ड संख्या छह की ओर जा रहे थे. इसी दौरान सुनसान रास्ते पर पहले से घात लगाए अज्ञात अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और गोली मार दी. गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़े. वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए.

घटना के बाद परिजन और स्थानीय ग्रामीण उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई. घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया.

सबसे दुखद बात यह है कि सुबोध राय की बेटी की शादी महज एक महीने बाद होने वाली थी. घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इस घटना ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया. मृतक अपने पीछे पत्नी और तीन बच्चों को छोड़ गए.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, समस्तीपुर भेज दिया. थानाध्यक्ष धनंजय कुमार के मुताबिक, पुलिस मामले की जांच में जुटी है.