स्कॉर्पियो से बाइक में टक्कर के बाद देर रात हुई गोलीबारी,मोटरसाइकिल सवार दो युवकों पर नामजद प्राथमिकी दर्ज
गढ़वा: झारखंड के गढ़वा जिले में अपराधियों ने एक बार फिर गोलीबारी की घटना को अंजाम देकर इलाके में दहशत फैला दी। गढ़वा सदर थाना क्षेत्र के प्रतापपुर गांव में देर रात एक युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। हालांकि, युवक ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचा ली। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने दो युवकों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

पहले स्कॉर्पियो ने बाइक में मारी टक्कर,फिर हुई फायरिंग
मिली जानकारी के अनुसार, राघवेंद्र सिंह उर्फ राजा सिंह मोटरसाइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान एक स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर गए। घटना के बाद स्कॉर्पियो सवार मौके से फरार हो गया।
इसके बाद राजा सिंह अपनी मोटरसाइकिल लेकर घर पहुंच गए। बताया जाता है कि देर रात वह अपनी गाड़ी से स्कॉर्पियो सवार की तलाश में निकले थे। इसी दौरान नावाडीह गांव के पास मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और राजा सिंह पर ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं। अचानक हुई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, राजा सिंह ने किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाई।
वारदात के बाद दोबारा लौटे आरोपी
बताया जा रहा है कि गोलीबारी की घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी दोबारा उसी स्थान पर पहुंचे। वहां अपनी गिरी हुई मोटरसाइकिल उठाई और मौके से फरार हो गए। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद होने की बात सामने आई है।
दो युवकों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी
घटना के बाद पीड़ित पक्ष गढ़वा सदर थाना पहुंचा और दो युवकों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना की जांच की जा रही है।
वहीं, एसडीपीओ ने बताया कि प्रतापपुर में गोलीबारी की घटना की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस गोलीबारी के पीछे की वजह और आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।
गढ़वा से धर्मेंद्र कुमार की रिपोर्ट

