Hindi News / सदर अस्पताल से मरीज रहस्यमय तरीके से लापता,परिजन परेशान

सहरसा : सदर अस्पताल से मरीज रहस्यमय तरीके से लापता,परिजन परेशान

Edited By:  |
saharsa saharsa

सहरसा:शहर में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. जहां सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति अस्पताल से रहस्यमय तरीके से लापता हो गया. घटना के बाद परिजन पिछले कई दिनों से उसकी तलाश में भटक रहे हैं, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है.

मामला मधेपुरा जिले के शंकरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जिरवा मधेली गांव का है. यहां की रहने वाली मीरा देवी ने सहरसा सदर थाना में आवेदन देकर बताया कि 4 अप्रैल 2026 को उनके भाई राजू कुमार को एक एंबुलेंस चालक दिलीप कुमार ने फोन कर सूचना दी थी कि उनके गांव के महानंद यादव का सहरसा के पटुआहा स्थित यादव चौक के पास सड़क दुर्घटना हो गया है, जिसके बाद उन्हें सहरसा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

सूचना मिलते ही परिजन उसी दिन सहरसा सदर अस्पताल पहुंचे, लेकिन वहां पहुंचने पर मामला और भी उलझ गया. अस्पताल में मरीज का पुर्जा तो मिला,लेकिन महानंद यादव वहां मौजूद नहीं थे. अस्पताल प्रबंधन भी इस बात से अनभिज्ञ है कि घायल व्यक्ति आखिर कहां चला गया.

परिजनों ने अपने स्तर पर जिले के विभिन्न सरकारी और निजी अस्पतालों में काफी खोजबीन की, लेकिन जब कहीं कोई जानकारी नहीं मिली, तो उन्होंने सहरसा सदर थाना में आवेदन देकर पुलिस प्रशासन से मदद की गुहार लगाई.

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है. सबसे बड़ा सवाल यह है कि इस घटना ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.परिजन अपने लापता सदस्य की जल्द बरामदगी की उम्मीद में प्रशासन से लगातार गुहार लगा रहे हैं.