रोहतास में मंदिर चोरी कांड का भंडाफोड़ : पुलिस ने 6 शातिर अपराधियों को दबोचा, लाखों का आभूषण बरामद
रोहतास: बड़ी खबर बिहार केरोहतास से है जहां जिले के संझौली थाना क्षेत्र में महावीर मंदिर में हुई सनसनीखेज चोरी का पुलिस ने बड़ा खुलासा कर दिया है. पुलि ने इस मामले में अंतरजिला संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 6 शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है. साथ ही लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण भी बरामद किए हैं.
बताया जा रहा है कि 21 मार्च की रात तिगनी गांव स्थित महावीर मंदिर का ताला तोड़कर चोरों ने मंदिर में रखे कीमती सोने-चांदी के गहनों पर हाथ साफ कर दिया था. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और लोगों में भारी आक्रोश का माहौल था.
मामले की गंभीरता को देखते हुए रोहतास एसपी रौशन कुमार के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया. तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने 5 अप्रैल को बक्सर जिले के नावानगर इलाके से रितेश पांडे को हिरासत में लिया. पुलिस द्वारा कड़ी पूछताछ में उसने पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर दिया.
जांच में खुलासा हुआ कि इस चोरी में कुल 8 अपराधी शामिल थे. जो मंदिरों को निशाना बनाकर योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम देते थे. चोरी के बाद ये लोग गहनों को बक्सर के आथर बाजार के एक सोनार को बेच देते थे.
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आथर बाजार में छापेमारी कर सोनार बिष्णु कुमार वर्मा को गिरफ्तार किया. उसके पास से पिघलाकर बनाए गए चांदी के बिस्किट समेत अन्य आभूषण बरामद किए गए. इसके बाद गिरोह के अन्य सदस्यों को भी अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर गिरफ्तार कर लिया गया. सभी आरोपियों ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है. पुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों के पास से 935 ग्राम पिघला हुआ चांदी (बिस्किट),करीब 1.5 किलो चांदी के गहने,लगभग 3 ग्राम सोने के आभूषण,पीतल के सामान,एक एंड्रॉयड मोबाइल बरामद किया है.
एसपी रौशन कुमार ने बताया कि पुलिस अब इस गिरोह के आपराधिक इतिहास को खंगाल रही है. आशंका जताई जा रही है कि इस गिरोह से जुड़े कई और मामलों का भी जल्द खुलासा हो सकता है. इस सफल ऑपरेशन के जरिए पुलिस ने न सिर्फ चोरी की गुत्थी सुलझाई. बल्कि मंदिरों को निशाना बनाने वाले एक संगठित अंतर जिला गिरोह का भी पूरी तरह भंडाफोड़ कर दिया है.





