रांची विश्वविद्यालय का 39वां दीक्षांत समारोह : राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने समारोह में 58 टॉपरों को दिया गोल्ड मेडल
Ranchi : रांची विश्वविद्यालय का 39 वां दीक्षांत समारोह बुधवार को मोरहाबादी स्थित दीक्षांत मंडप में मनाया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राज्यपाल सह कुलाधिपति संतोष कुमार गंगवार शामिल हुए. इसके अलावा केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ भी कार्यक्रम में शामिल हुए. कार्यक्रम का उद्घाटन महामहिम राज्यपाल के द्वारा दीप जलाकर किया गया.
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने सबसे पहले दो शिक्षाविद राष्ट्रीय शैक्षिक योजना एवं प्रशासन संस्थान (NIEPA) दिल्ली के कुलपति प्रोफेसर शशिकला और आईआईएम कोलकाता के निदेशक प्रोफेसर आलोक को पीएचडी की मानक उपाधि से नवाजा. इसके बाद राज्यपाल ने 58 टॉपर के बीच 71 गोल्ड मेडल वितरित किए. मेघा सूची में इस बार भी छात्राओं का दबदबा रहा. 58 टॉपर में 44 छात्राएं और 14 छात्र शामिल रहे. वहीं कार्यक्रम में मौजूद 3353 छात्रों को डिग्री प्रदान की गई. राज्यपाल ने सभी छात्रों को उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि आज के युवा ही कल के भविष्य हैं.





