रांची में सुरक्षा के कड़े इंतजाम : ईद मिलादुन्नबी को लेकर अलर्ट मोड पर पुलिस,सीसीटीवी और ड्रोन से पैनी नजर
रांची:ईद मिलादुन्नबी को लेकर रांची पुलिस अलर्ट मोड पर है.त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर रांची के अलग-अलग इलाकों में पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला.फ्लैग मार्च में एसडीएम,सिटी एसपी और डीएसपी समेत पुलिस के कई अधिकारी और जवान मौजूद रहे.
फ्लैग मार्च अल्बर्ट एक्का चौक से मेन रोड होते हुए डोरंडा, कर्बला चौक सहित शहर के कई संवेदनशील इलाकों से होकर गुजरा. इस दौरान पुलिस ने लोगों से शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार मनाने और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की. ईद मिलादुन्नबी के मौके पर मुस्लिम समाज के लोग अलग-अलग इलाकों से जुलूस निकालेंगे. ऐसे में जुलूस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस की ओर से विशेष तैयारी की गई है. सुरक्षा के मद्देनजर शहर में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी. वहीं,ड्रोन के जरिए भी जुलूस और संवेदनशील इलाकों पर नजर रखी जाएगी. इसके अलावा सोशल मीडिया पर भी पुलिस की पैनी नजर रहेगी, ताकि किसी तरह की अफवाह या भड़काऊ पोस्ट के जरिए माहौल खराब करने की कोशिश को समय रहते रोका जा सके.
रांची पुलिस ने साफ किया है कि त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. पुलिस और प्रशासन ने लोगों से आपसी भाईचारे और शांतिपूर्ण माहौल में ईद मिलादुन्नबी मनाने की अपील की है.





