दरभंगाःबिहार के दरभंगा में गुरुवार को भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ,अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत भव्य पदयात्रा निकाली गई। इसमें केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव,भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी,जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और सांसद गोपाल जी ठाकुर समेत एनडीए के कई दिग्गज नेता शामिल हुए। पदयात्रा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों की भागीदारी देखने को मिली।

पोलो ग्राउंड से शुरू हुई पदयात्रा लहरियासराय टावर,लोहिया चौक,बकरगंज और जीएन गंज होते हुए गुजरी। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने अभियान के समर्थन में नारे लगाए। बाद में पोलो ग्राउंड में जनसभा आयोजित की गई।

SIRके विरोध पर विपक्ष को घेरा

जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चुनावी हार का सामना करने वाले विपक्षी दल ही एसआईआर पर सवाल उठाते हैं। लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए मतदाता सूची का सही और पारदर्शी होना जरूरी है।

उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर का विरोध घुसपैठियों के पक्ष में किया जा रहा है। यादव ने कहा कि मतदाता सूची में मृत व्यक्तियों और एक से अधिक स्थानों पर दर्ज नामों को दुरुस्त करना जरूरी है।

वैशाली के गणतंत्र का किया जिक्र

भूपेंद्र यादव ने कहा कि बिहार लोकतंत्र की जननी रहा है। वैशाली का प्राचीन गणतंत्र पूरी दुनिया के लिए लोकतांत्रिक व्यवस्था का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि एनडीए लोकतंत्र की रक्षा,देश की अखंडता और मतदाता सूची की शुद्धता के लिए प्रतिबद्ध है।

केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस पर आपातकाल का हवाला देते हुए भी निशाना साधा और विपक्ष पर लोकतंत्र के नाम पर झूठा हमला करने का आरोप लगाया।

पदयात्रा में भाजपा-जदयू के वरिष्ठ नेताओं,पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही। दरभंगा में आयोजित इस कार्यक्रम के जरिए एनडीए नेताओं ने एसआईआर और लोकतंत्र के मुद्दे पर विपक्ष के खिलाफ अपना राजनीतिक अभियान तेज करने का संदेश दिया।

राजीव रंजन की रिपोर्ट