रांचीः राजधानी रांची के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र स्थित पोखरटोली मैदान में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से एक पिस्टल, मैगजीन और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। उनकी निशानदेही पर बिहार से हथियार लाकर सप्लाई करने वाले एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करण गोप, आदित्य कुमार और अभिषेक सिंह उर्फ अभिषेक कुमार उर्फ सुलतान के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, करण का संबंध राहुल दुबे गिरोह के एक गुर्गे से है, जबकि आदित्य उसका सहयोगी बताया जा रहा है। वहीं, अभिषेक बिहार से हथियार लाकर उनकी खरीद-बिक्री करता था।
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ है कि करण ने अभिषेक से दो हथियार खरीदे थे। इनमें से एक हथियार राहुल दुबे गिरोह के एक गुर्गे को दिया गया था, जिसे पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
प्रारंभिक जांच में आशंका है कि आरोपी किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे। हालांकि, इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और हथियार तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
रांची से नैयर की रिपोर्ट

