रांची: शहर के रातू थाना क्षेत्र में एक महिला को वीडियो कॉल पर अश्लील हरकत करने, नग्न शरीर दिखाकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और अभद्र बातें करने का गंभीर मामला सामने आया है. पीड़िता स्वास्थ्य मंत्री के पूर्व आवास में तैनात सुरक्षा गार्ड की पत्नी है. आपसी रंजिश के चलते साजिश के तहत अज्ञात नंबरों से वीडियो कॉल कर महिला को परेशान किया जा रहा था. पीड़िता की लिखित शिकायत पर रातू थाना पुलिस ने नामजद महिला सहित तीन मोबाइल नंबर धारकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
पारिवारिक नाराजगी के बाद शुरू हुआ कॉल्स का सिलसिला
प्राथमिकी के अनुसार, रातू थाना क्षेत्र के सुंडिल बसाईर टोली (कमड़े) निवासी पीड़िता के पति पुलिस विभाग में हैं और वर्तमान में रांची स्थित स्वास्थ्य मंत्री के पुराने आवास में गार्ड के पद पर प्रतिनियुक्त हैं. पीड़िता का एक महिला के साथ किसी घरेलू बात को लेकर विवाद और नाराजगी चल रही थी. विवाद सुलझाने के लिए पीड़िता आरोपी के गांव गई थी और उसकी सास से मिलकर आरोपी महिला को समझाने-बुझाने की बात कही थी. आरोप है कि इसके तीन-चार दिन बाद से ही पीड़िता के मोबाइल नंबर पर अज्ञात नंबर (90381—0) से कॉल्स आने लगे,जिस पर बात करने वाला शख्स बेहद भद्दी और अश्लील बातें कर उसे मानसिक रूप से परेशान करने लगा.
कॉल पर नग्न वीडियो दिखाया,साजिश का आरोप
पीड़िता ने बताया कि 7 सितंबर को आरोपी के साथ उसकी फिर से कहासुनी हुई थी. इसके ठीक अगले दिन यानी 8 सितंबर को उसके मोबाइल पर एक अन्य अज्ञात नंबर (8877—-64) से सीधे वीडियो कॉल आया. कॉल रिसीव करते ही स्क्रीन पर सामने वाला व्यक्ति अपना नग्न शरीर और अश्लील हरकतें दिखाने लगा. लगातार हो रही इस हरकत से पीड़िता सहम गई. पीड़िता का आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपी महिला ही इन अज्ञात नंबरों के जरिए उसे बदनाम और प्रताड़ित करवा रही है.

