पूर्वी चंपारण:जिले के ढाका थाना क्षेत्र में पुलिस ने क्रॉस-बॉर्डर आतंकी नेटवर्क से कथित डिजिटल संपर्क के मामले में 22वर्षीय युवक सेराज आलम को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने यह कार्रवाई बिसरहिया गांव के समीप गुप्त सूचना के आधार पर की. पुलिस के अनुसार, टीम को देखते ही एक युवक भागने लगा,जिसे पीछा कर पकड़ लिया गया. पूछताछ में उसकी पहचान बिसरहिया निवासी सेराज आलम, पिता समसुल हक के रूप में हुई.
तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके पास से रेडमी 5जी एंड्रॉयड मोबाइल बरामद किया. पुलिस का दावा है कि मोबाइल में आतंकी गतिविधियों से संबंधित वीडियो,फोटो और कथित देशविरोधी रील्स मिली है. जांच में सोशल मीडिया के माध्यम से पाकिस्तान के गैंगस्टर शहजाद भट्टी नेटवर्क से जुड़े अली गुर्जर के साथ संपर्क की बात भी सामने आने की जानकारी पुलिस ने दी है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईयू मोतिहारी की टीम भी डिजिटल संपर्कों और मोबाइल सामग्री की जांच कर रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवक के संपर्क कितने लोगों तक फैले हुए हैं और बरामद डिजिटल सामग्री का वास्तविक स्वरूप क्या है.
हालांकि,पुलिस की उपलब्ध जानकारी में किसी आतंकी घटना को अंजाम देने में सेराज की प्रत्यक्ष भूमिका या किसी हमले की साजिश का अलग विवरण नहीं दिया गया है.फिलहाल मामला जांच और डिजिटल साक्ष्यों के सत्यापन के स्तर पर है.

