चाईबासा: कोल्हान प्रमंडल का ऐतिहासिक और धार्मिक आस्था का प्रतीक 126वां गोपाष्टमी गौशाला मेला इस वर्ष 17, 18 और 19 नवंबर को श्री चाईबासा गौशाला परिसर में आयोजित होगा। मेले को लेकर गौशाला समिति ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
मेले का उद्घाटन 17 नवंबर को शाम 4 बजे पंचखण्ड पीठाधीश्वर आचार्य सोमेंद्र जी महाराज करेंगे। इस अवसर पर गोपूजन के साथ मेले का शुभारंभ होगा। वहीं, सुबह 9 बजे खिरवाल धर्मशाला से गोपूजन के बाद गो-नगर भ्रमण यात्रा निकाली जाएगी, जो शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए मधु बाजार पहुंचेगी।
झूले और खानपान होंगे खास आकर्षण
तीन दिवसीय मेले में बच्चों और बड़ों के मनोरंजन के लिए ब्रेक डांस, टावर झूला, ड्रैगन ट्रेन, टोरा-टोरा, नावड़ी झूला, जीरो ग्रेविटी और मिकी सर्कस सहित कई आकर्षण रहेंगे।
वहीं, खानपान के शौकीनों के लिए चाट, समोसा, मिठाई, आइसक्रीम और केक के स्टॉल लगाए जाएंगे। बिहार का प्रसिद्ध खाजा और स्थानीय गुड़ भी मेले का विशेष आकर्षण रहेगा। इसके अलावा कृषि उपकरणों और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की दुकानें भी सजेंगी।
कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी होंगे शामिल
उद्घाटन समारोह में मझगांव विधायक निरल पुरती, उपायुक्त मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक अमित रेनू, नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहेंगे।
मेले में सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन की ओर से पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। गौशाला समिति ने शहरवासियों और आसपास के ग्रामीणों से मेले में शामिल होकर धार्मिक आयोजन और मनोरंजन का आनंद लेने की अपील की है।
चाईबासा से राजीव सिंह की रिपोर्ट

