बाढ़ थाना क्षेत्र की घटना,घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर सुनसान सड़क पर वारदात को दिया अंजाम;छोटी बहन के सामने हुई हैवानियत
बाढ़(पटना): बाढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव में दीपावली की रात 18 वर्षीय युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि बगल के गांव के चार युवकों ने पिस्तौल का भय दिखाकर युवती और उसकी छोटी बहन को अपने कब्जे में लिया तथा युवती को घर से करीब एक से डेढ़ किलोमीटर दूर सुनसान ग्रामीण सड़क पर ले जाकर बारी-बारी से दुष्कर्म किया। मामले में पुलिस ने चार संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पिता को खोजने निकली थीं दोनों बहनें
पीड़िता की बहन के अनुसार, दीपावली की रात करीब 11 बजे तक उनके पिता घर नहीं लौटे थे। इसके बाद दोनों बहनें अपने पिता की तलाश में घर से निकलीं। इसी दौरान घर से करीब 500 मीटर की दूरी पर पहले से घात लगाए बैठे बगल के गांव के चार युवकों ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि बदमाशों ने बड़ी बहन के मुंह में कपड़ा बांध दिया, जबकि छोटी बहन को पिस्तौल दिखाकर शोर नहीं मचाने की धमकी दी।

सुनसान सड़क पर ले जाकर वारदात को दिया अंजाम
आरोप है कि चारों युवक दोनों बहनों को घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर सुनसान ग्रामीण सड़क पर ले गए, जहां युवती के साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया गया। इस दौरान उसकी बहन को डरा धमकाकर उसे चुप करा दिया और वहां से फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार पीड़िता की मां की लगभग दो साल पहले मृत्यु हो चुकी है और उसके पिता तब से मानसिक रूप से तनाव में रहते है। पीड़िता चार बहन और एक भाई है। पीड़िता घर की सबसे बड़ी बेटी है और मां की मृत्यु के बाद उसकी पढाई छूट गई और वह घर संभाल रही थी।

बाढ़ से अजय मिश्रा की रिपोर्ट