अनंत सिंह की बेटी की शादी में होगी भव्य घुड़दौड़, वंदे भारत समेत तीन घोड़े दिखाएंगे दम
पटना: मोकामा के विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी इस बार खास आकर्षण का केंद्र बनने जा रही है। शादी समारोह के दौरान उनके पैतृक गांव लदमा में भव्य घुड़दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में अनंत सिंह के चर्चित घोड़े वंदे भारत, क्रांतिवीर और श्याम अपनी रफ्तार का दम दिखाएंगे। हालांकि, उनके सबसे पसंदीदा घोड़े लाड़ला के मैदान में उतरने की संभावना कम है।
जानकारी के मुताबिक, शिवांगी की शादी 25 नवंबर को बाढ़ अनुमंडल के लदमा गांव में होनी है। इसे लेकर गांव में तैयारियां शुरू हो गई हैं। घुड़दौड़ प्रतियोगिता के लिए करीब 10 से 12 बीघा जमीन पर विशाल मैदान तैयार किया जा रहा है। प्रतियोगिता देखने आने वाले लोगों के बैठने की भी विशेष व्यवस्था की जा रही है।
अनंत सिंह के घोड़ों की देखभाल करने वाले हेड ट्रेनर इस्माइल के अनुसार, लाड़ला की तबीयत खराब है। इस कारण उसके प्रतियोगिता में शामिल होने की संभावना कम है। वहीं, वंदे भारत, क्रांतिवीर और श्याम ने अभ्यास शुरू कर दिया है और प्रतियोगिता के लिए तैयारियां की जा रही हैं।
इस घुड़दौड़ प्रतियोगिता का सबसे बड़ा आकर्षण इसमें रखे गए पुरस्कार होंगे। प्रथम स्थान हासिल करने वाले घुड़सवार को महिंद्रा थार रॉक्स दी जाएगी। दूसरे स्थान पर आने वाले प्रतिभागी को बाइक और तीसरे स्थान के विजेता को स्कूटर पुरस्कार के रूप में मिलेगा।
प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों से घुड़सवारों के पहुंचने की उम्मीद है। बड़े पुरस्कारों के कारण मुकाबला काफी रोमांचक होने की संभावना है। शादी समारोह के साथ आयोजित होने वाली यह घुड़दौड़ लदमा गांव में लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनेगी।
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट

