रांची: मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय कांके के लिए आज का दिन बेहद गौरवपूर्ण एवं हर्ष का अवसर है। विद्यालय के तीन प्रतिभाशाली फुटबॉल खिलाड़ियों का चयन झारखंड की अंडर-14 SGFI (स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया) फुटबॉल टीम में हुआ है। चयनित खिलाड़ियों में प्रिंस महली, अंकित कुमार महतो एवं आर्यन कुमार साहू शामिल हैं।
तीनों खिलाड़ी मध्य प्रदेश में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय विद्यालय फुटबॉल प्रतियोगिता में झारखंड राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे। ये खिलाड़ी 9 नवंबर को रात्रि 8 बजे मध्य प्रदेश के लिए रवाना होंगे।
इस शानदार उपलब्धि पर विद्यालय के प्राचार्य आनंद प्रकाश मिश्रा एवं विद्यालय के वरीय शिक्षक-शिक्षिकाओं ने तीनों खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यालय के लिए गर्व का विषय है और अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।
विद्यालय के शारीरिक शिक्षा शिक्षक प्रवीण कुमार ने बताया कि खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन, निरंतर अभ्यास एवं खेल के प्रति समर्पण का यह सुखद परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि तीनों खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर झारखंड एवं विद्यालय का नाम रोशन करेंगे।
मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय कांके परिवार ने तीनों खिलाड़ियों को राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हार्दिक बधाई एवं जीत की अग्रिम शुभकामनाएं दी हैं।तीनों खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं! झारखंड का परचम राष्ट्रीय स्तर पर लहराएं।
रांची से संदीप यादव की रिपोर्ट

