19.50लाख रुपये की मांगी थी घूस,निगरानी टीम को देखते ही फ्लैट की खिड़की से नीचे फेंके 5लाख रुपये;तलाशी में 6.11लाख नकद और संपत्ति के दस्तावेज बरामद
पटना: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। निगरानी टीम ने मधुबनी पथ प्रमंडल में तैनात कार्यपालक अभियंता रितेश चन्द्र सिन्हा को 5 लाख रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। आरोप है कि अभियंता ने सड़क निर्माण कार्य की लंबित राशि के भुगतान के बदले 19.50 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। निगरानी टीम ने पटना के आशियाना स्थित रामनगरी अपार्टमेंट में छापेमारी कर उन्हें गिरफ्तार किया।
निगरानी टीम को देखते ही खिड़की से नीचे फेंके रुपये
जानकारी के अनुसार, निगरानी विभाग को कार्यपालक अभियंता के खिलाफ रिश्वत मांगने की शिकायत मिली थी। शिकायत के सत्यापन के बाद टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई। इसी क्रम में पटना के आशियाना स्थित रामनगरी अपार्टमेंट में छापेमारी की गई। बताया जा रहा है कि निगरानी टीम को देखते ही आरोपी अभियंता ने 5 लाख रुपये फ्लैट की खिड़की से नीचे फेंक दिए। हालांकि, निगरानी टीम ने तत्परता दिखाते हुए नीचे गिरे रिश्वत के पूरे 5 लाख रुपये बरामद कर लिए।
फ्लैट की तलाशी में 6.11लाख रुपये नकद बरामद
गिरफ्तारी के बाद निगरानी टीम ने आरोपी के फ्लैट की तलाशी ली। इस दौरान 6 लाख 11 हजार 900 रुपये नकद बरामद किए गए। इसके अलावा सोने-चांदी के आभूषण भी मिले हैं।
सात बैंक खातों और निवेश से जुड़े दस्तावेज मिले
तलाशी के दौरान निगरानी टीम को आरोपी के सात बैंक खातों से संबंधित दस्तावेज मिले हैं। इसके साथ ही शेयर बाजार और एलआईसी में निवेश से जुड़े कागजात भी बरामद किए गए हैं। जांच टीम के हाथ जमीन, फ्लैट और लॉकर से संबंधित दस्तावेज भी लगे हैं। इन सभी संपत्तियों और निवेश से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
विशेष निगरानी अदालत में पेश होगा आरोपी
फिलहाल गिरफ्तार कार्यपालक अभियंता रितेश चन्द्र सिन्हा से निगरानी टीम पूछताछ कर रही है। बरामद नकदी, आभूषण और संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों के आधार पर आगे की जांच की जा रही है। गिरफ्तार अभियंता को विशेष निगरानी अदालत में पेश किया जाएगा। इस कार्रवाई के बाद सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग की कार्रवाई को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट

