नगर थाना पुलिस की कार्रवाई में तीन आरोपी गिरफ्तार,दो एंड्रॉयड मोबाइल भी जब्त;चोरी की बाइक 8हजार रुपये में बेचने का हुआ खुलासा
गिरिडीह: झारखंड के गिरिडीह में नगर थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर छह मोटरसाइकिल और दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राज पासवान, उदय कुमार दास और वारिस अंसारी उर्फ विक्की के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, गिरोह चोरी की मोटरसाइकिलों की खरीद-बिक्री में शामिल था।
बस स्टैंड और झंडा मैदान के पास से चोरी हुई थीं बाइक
पुलिस के अनुसार, बीते 31 अक्टूबर को बस स्टैंड स्थित बाबा मिष्ठान भंडार के पास से राजू दास की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चोरी हुई थी। वहीं, 3 नवंबर को झंडा मैदान के पास श्रीराम टायर के समीप से कुणाल कुमार की हीरो एचएफ डीलक्स बाइक गायब हो गई थी। दोनों घटनाओं को लेकर नगर थाना में अलग-अलग मामले दर्ज किए गए थे। इसके बाद पुलिस ने बाइक चोरी की घटनाओं की जांच शुरू की।
गुप्त सूचना पर छापेमारी,राज पासवान गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर डीएसपी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर 7 नवंबर को मुफस्सिल थाना क्षेत्र में छापेमारी कर राज पासवान को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान राज पासवान ने वारिस अंसारी और टिड्डू की संलिप्तता की जानकारी दी। उसने यह भी खुलासा किया कि चोरी की एक मोटरसाइकिल उसने 8 हजार रुपये में उदय कुमार दास को बेची थी।
उदय और वारिस के घर से मिली चोरी की बाइक
राज पासवान से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने उदय कुमार दास के घर पर छापेमारी की। वहां से चोरी की मोटरसाइकिल और ऑनलाइन भुगतान से जुड़े मोबाइल फोन को बरामद किया गया। वहीं, वारिस अंसारी के घर से दो अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें मिलीं। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
डीएसपी के नेतृत्व में गठित टीम ने की कार्रवाई
इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक (मु.-1), गिरिडीह ने किया। छापेमारी दल में नगर थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो, अनुसंधानकर्ता पुलिस अवर निरीक्षक बिनय कुमार यादव, सहायक अवर निरीक्षक अरविंद कुमार पाठक, सहायक अवर निरीक्षक पियुष केरकेट्टा सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
बाइक चोरी और खरीद-बिक्री के नेटवर्क की जांच
पुलिस की इस कार्रवाई से मोटरसाइकिल चोरी और उसकी खरीद-बिक्री में शामिल गिरोह का खुलासा हुआ है। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि चोरी की अन्य मोटरसाइकिलों की खरीद-बिक्री में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। इस कार्रवाई के बाद चोरी की बाइक खरीदने और बेचने वालों के खिलाफ भी पुलिस ने सख्त कार्रवाई का संदेश दिया है।
गिरिडीह से नफीस अजहर की रिपोर्ट

