पटना:बिहार की राजधानी पटना में खाद्य सुरक्षा विभाग ने नकली और मिलावटी मसालों के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पटना सिटी के मरचा-मरची रोड स्थित शकीरा फूड प्रोडक्ट्स फैक्ट्री में छापेमारी की। इस दौरान करीब24लाख रुपये मूल्य के कथित मिलावटी मसाले जब्त किए गए। छापेमारी के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

हल्दी में चोकर और पिसे चावल मिलाने का आरोप

प्रारंभिक जांच के दौरान हल्दी में चोकर,पिसे हुए चावल और संदिग्ध रंग मिलाए जाने की आशंका जताई गई है। इसके अलावा मिर्च,गोल मिर्च और धनिया जैसे मसालों में भी मिलावट की आशंका सामने आई है। फैक्ट्री में गंदगी और संदिग्ध सामग्री मिलने की बात भी सामने आई है।

मसालों को आकर्षक रंग देने के लिए औद्योगिक रंग के इस्तेमाल की आशंका

जांच के दौरान मसालों को अधिक आकर्षक रंग देने के लिए औद्योगिक रंगों के इस्तेमाल की आशंका जताई गई है। हालांकि,मसालों में मिलावट और प्रतिबंधित रंगों के इस्तेमाल की पुष्टि प्रयोगशाला जांच के बाद ही हो सकेगी।

शकीरा मसाला ब्रांड के उत्पादों की होगी जांच

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने फैक्ट्री से विभिन्न मसालों के नमूने एकत्र किए हैं। इन नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा,ताकि मसालों की गुणवत्ता और उनमें मिलाए गए पदार्थों की वास्तविक स्थिति का पता लगाया जा सके। शकीरा मसाला ब्रांड के उत्पादों की गुणवत्ता की भी जांच की जाएगी।

प्रयोगशाला रिपोर्ट के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा विभाग फिलहाल प्रयोगशाला रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है। रिपोर्ट में मिलावट की पुष्टि होने पर संबंधित खाद्य सुरक्षा कानूनों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई का उद्देश्य बाजार में बिकने वाले मसालों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा करना है। अब जांच रिपोर्ट से स्पष्ट होगा कि फैक्ट्री में तैयार मसालों में किस स्तर तक मिलावट की गई थी और इसके लिए कौन-कौन जिम्मेदार हैं।

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट