पटनाःराजधानी पटना में छठ महापर्व के दौरान चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। संपतचक के गोपालपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चक बैरिया गांव में चोरों ने बंद दो मंजिला मकान को निशाना बनाते हुए करीब दो करोड़ रुपये के सोने के जेवरात और 50 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। घटना सोमवार की सुबह उस समय हुई, जब परिवार के सभी सदस्य छठ महापर्व के अंतिम अर्घ्य के लिए बैरिया सूर्य मंदिर घाट गए हुए थे।

अर्घ्य देने घाट पर गए, इधर घर में हो गई चोरी

जानकारी के अनुसार अरुण सिंह और धर्मेंद्र सिंह के गांव में सुबह परिवार के सदस्यों ने मकान के कमरों में ताला लगाया और सूर्य को अर्घ्य देने घाट चले गए। इसी दौरान चोरों ने मुख्य गेट का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया। इसके बाद चार कमरों की अलमारियों, दीवान, पलंग, पेटियों और बक्सों को खंगाल डाला।

दोनों बहुओं के रखे हुए जेवर लोकर फरार हुए चोर

चोर घर में रखे दोनों भाइयों की पत्नियों, बहुओं और माता के सोने के जेवरात के साथ नकदी लेकर फरार हो गए। हैरानी की बात यह है कि चोरों ने सोने के आभूषणों और नकदी को ही निशाना बनाया, जबकि चांदी के जेवरात और बर्तनों को हाथ तक नहीं लगाया। छठ घाट से अर्घ्य देकर लौटे परिवार के सदस्यों ने जब घर का टूटा ताला और बिखरा सामान देखा तो उनके होश उड़ गए। इसके बाद डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी गई।

सीसीटीवी के आधार पर जांच में जुटी पुलिस

सूचना मिलते ही गोपालपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम ने घटनास्थल की जांच की। मकान में सीसीटीवी कैमरा नहीं होने के कारण पुलिस आसपास के घरों में लगे कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। गोपालपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार के अनुसार, पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और चोरों की पहचान के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। छठ जैसे पावन पर्व के दौरान हुई इस बड़ी चोरी से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।