पटना के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की फर्जी हाजिरी पर लगेगी लगाम, अब रेटिना स्कैन से बनेगी उपस्थिति, शिक्षा विभाग की नई तैयारी

पटना: बिहार की राजधानी पटना के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की उपस्थिति दर्ज करने की व्यवस्था में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। अब शिक्षक केवल फोटो अपलोड कर अपनी हाजिरी नहीं बना सकेंगे, बल्कि उनकी उपस्थिति आंखों की रेटिना स्कैन के जरिए दर्ज की जाएगी। जिला शिक्षा कार्यालय ने इस नई व्यवस्था को लागू करने की तैयारी शुरू कर दी है।

नई व्यवस्था के तहत शिक्षा विभाग के अटेंडेंस एप का इस्तेमाल किया जाएगा। शिक्षकों को सबसे पहले अपने मोबाइल फोन के माध्यम से ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसके बाद स्कूल पहुंचने और स्कूल से निकलने के समय यानी इन और आउट दोनों वक्त रेटिना स्कैन के जरिए हाजिरी दर्ज करनी होगी।

जिला शिक्षा कार्यालय के अनुसार, नई प्रणाली लागू करने से पहले सभी स्कूलों के प्रधानाध्यापकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद प्रधानाध्यापक अपने-अपने स्कूलों के शिक्षकों को भी इस प्रक्रिया की जानकारी देंगे, ताकि नई व्यवस्था लागू होने पर किसी तरह की परेशानी नहीं हो।

अब तक फोटो अपलोड कर बनती थी हाजिरी

फिलहाल सरकारी स्कूलों में शिक्षक ई-शिक्षा कोष एप के माध्यम से अपनी फोटो अपलोड कर उपस्थिति दर्ज करते हैं। हालांकि, इस व्यवस्था में कुछ शिक्षकों द्वारा एक ही फोटो बार-बार अपलोड कर फर्जी हाजिरी बनाने की शिकायतें सामने आई थीं। ऐसे मामलों में कई शिक्षकों पर कार्रवाई भी की गई है।

एआई तकनीक से होगा सत्यापन

नई व्यवस्था में मोबाइल कैमरे की मदद से शिक्षक की पहचान का सत्यापन किया जाएगा। एप में पहले से पंजीकृत पहचान संबंधी डेटा का मिलान किया जाएगा। सफल सत्यापन के बाद ही उपस्थिति दर्ज होगी।शिक्षा विभाग की इस पहल का मुख्य उद्देश्य स्कूलों में शिक्षकों की वास्तविक उपस्थिति सुनिश्चित करना, फर्जी हाजिरी पर रोक लगाना और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ाना है।

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट