जमशेदपुर में पूर्व केंद्रीय मंत्री ने की प्रेस वार्ता, 11से 18 नवंबर तक भाजपा मनाएगी जनजातीय गौरव सप्ताह; बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर देशभर में होंगे कार्यक्रम
जमशेदपुर: जनजातीय गौरव दिवस को लेकर झारखंड में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने जमशेदपुर में प्रेस वार्ता कर जनजातीय समाज के इतिहास, संस्कृति, अधिकार और केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस समेत विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। अर्जुन मुंडा ने आरोप लगाया कि विपक्ष ने दशकों तक जनजातीय समाज को केवल वोट बैंक समझा और आज भी भ्रम एवं भय की राजनीति कर रहा है।
उन्होंने बताया कि 15 नवंबर 2026 को धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती है। इस अवसर पर देशभर में जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाएगा। उनके अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में 11 से 18 नवंबर तक देश के जनजातीय बहुल जिलों, विधानसभा क्षेत्रों और मंडलों में जनजातीय गौरव सप्ताह मनाया जा रहा है।
भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष और उलगुलान को किया याद
अर्जुन मुंडा ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जन्म 15 नवंबर 1875 को झारखंड के खूंटी जिले के उलिहातू गांव में हुआ था। अंग्रेजी शासन के दौरान जनजातीय समाज की जमीन, जंगल और स्वाभिमान पर लगातार हमले हो रहे थे। ऐसे समय में बिरसा मुंडा ने समाज को जागरूक किया और अपनी संस्कृति, परंपरा तथा अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष का रास्ता दिखाया।
उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने उलगुलान आंदोलन का नेतृत्व किया और 'अबुआ दिशुम, अबुआ राज' यानी हमारा देश, हमारा राज का नारा दिया। 9 जून 1900 को रांची जेल में उनका निधन हो गया। अर्जुन मुंडा ने कहा कि उनके संघर्ष ने जनजातीय समाज के अधिकारों की लड़ाई को नई दिशा दी और छोटानागपुर क्षेत्र में भूमि संरक्षण से जुड़े कानूनों की पृष्ठभूमि तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
जनजातीय वीरों के बलिदान को इतिहास में उचित स्थान नहीं मिला
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देश की आजादी की लड़ाई में जनजातीय समाज के वीरों का योगदान बेहद महत्वपूर्ण रहा है। तिलका मांझी, सिद्धो-कान्हू, चांद-भैरव, फूलो-झानो, बुधु भगत, तेलंगा खड़िया, टंट्या भील, रानी दुर्गावती, वीर नारायण सिंह, अल्लूरी सीताराम राजू, कोमाराम भीम और रानी गाइदिन्ल्यू जैसे वीरों ने अंग्रेजी शासन के खिलाफ संघर्ष किया।
उन्होंने मानगढ़ धाम में गोविंद गुरु के नेतृत्व में हुए बलिदान का भी जिक्र किया। अर्जुन मुंडा ने आरोप लगाया कि लंबे समय तक देश के इतिहास में जनजातीय नायकों को वह स्थान नहीं दिया गया, जिसके वे हकदार थे।
जनजातीय समाज देश की सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा
अर्जुन मुंडा ने कहा कि भारत में 10.4 करोड़ से अधिक जनजातीय नागरिक हैं, जो देश की कुल आबादी का लगभग 8.6 प्रतिशत हैं। देश में 705 से अधिक अनुसूचित जनजातियां हैं और इनमें 75 विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (PVTG) शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि प्रकृति के साथ संतुलन, सामूहिक जीवनशैली, महिलाओं का सम्मान, पारंपरिक चिकित्सा ज्ञान, कला और संस्कृति जनजातीय समाज की महत्वपूर्ण पहचान हैं। इन परंपराओं से पूरी मानवता को सीखने की जरूरत है।
अटल सरकार से लेकर मोदी सरकार तक की योजनाओं का किया जिक्र
प्रेस वार्ता में अर्जुन मुंडा ने जनजातीय समाज के विकास के लिए केंद्र सरकारों द्वारा उठाए गए कदमों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली सरकार ने वर्ष 1999 में अलग जनजातीय कार्य मंत्रालय बनाया। इसके बाद झारखंड और छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों का गठन हुआ। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को पहली जनजातीय महिला राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मिलीं। उनके मुताबिक, यह जनजातीय समाज के लिए गौरव का विषय है।
PM-JANMANऔर धरती आबा अभियान से जनजातीय गांवों के विकास का दावा
अर्जुन मुंडा ने जनजातीय क्षेत्रों में संचालित योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (PM-JANMAN) के माध्यम से 75 विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान का भी उल्लेख किया। इस अभियान के तहत 63,843 जनजातीय बहुल गांवों में बुनियादी सुविधाओं, स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, बिजली और रोजगार के अवसरों को मजबूत करने का लक्ष्य रखा गया है। इस अभियान का कुल बजट 79,156 करोड़ रुपये है और इसमें 17 केंद्रीय मंत्रालय मिलकर काम कर रहे हैं। अर्जुन मुंडा ने एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, छात्रवृत्ति, आयुष्मान भारत, सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन और वन धन विकास केंद्रों को भी जनजातीय समाज के विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण पहल बताया।
कांग्रेस और विपक्ष पर लगाए चार बड़े आरोप
प्रेस वार्ता के दौरान अर्जुन मुंडा ने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि दशकों तक सत्ता में रहने के बावजूद जनजातीय समाज के सम्मान और अधिकारों के लिए पर्याप्त काम नहीं किया गया।
उन्होंने विपक्ष पर मुख्य रूप से चार आरोप लगाए:
कांग्रेस के लंबे शासनकाल में जनजातीय गौरव दिवस घोषित नहीं किया गया और अलग जनजातीय कार्य मंत्रालय नहीं बनाया गया।
भगवान बिरसा मुंडा, सिद्धो-कान्हू, तिलका मांझी और गोविंद गुरु जैसे जनजातीय नायकों को इतिहास में अपेक्षित स्थान नहीं मिला।
वर्ष 2022 में देश की पहली जनजातीय महिला राष्ट्रपति के चुनाव के दौरान विपक्ष की भूमिका को लेकर सवाल उठाए।
जनजातीय कार्य मंत्रालय के बजट में पर्याप्त वृद्धि नहीं करने का आरोप लगाया।
अर्जुन मुंडा ने कहा कि भाजपा सरकार जनजातीय समाज के सम्मान, अधिकार, संस्कृति और विकास को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनजातीय गौरव सप्ताह के दौरान गांव-गांव तक पहुंचकर जनजातीय नायकों के इतिहास और केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी देने की अपील की।
जनजातीय गौरव दिवस के मौके पर देशभर में भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, बलिदान और जनजातीय समाज के योगदान को याद किया जाएगा। झारखंड में भी इस अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
जमशेदपुर से विनोद केशरी की रिपोर्ट

