पटना: पटना जंक्शन से एक साल के मासूम बच्चे की चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने बच्चे की चोरी करने वाले गिरोह की पहचान कर ली है। जांच में सामने आया है कि इसी गिरोह ने वैशाली जिले में भी एक नवजात बच्चे की चोरी की थी। दोनों मामलों में आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। बच्चे की सकुशल बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए रेल पुलिस ने छह विशेष टीमों का गठन किया है। ये टीमें बिहार के अलग-अलग जिलों के साथ दूसरे राज्यों में भी छापेमारी कर रही हैं।

पुलिस को मिले सीसीटीवी फुटेज में बच्चा चोरी करने वाले एक पुरुष और एक महिला की तस्वीर सामने आई है। बताया जा रहा है कि वारदात के दौरान पुरुष साधु यानी बाबा के वेश में था, जबकि महिला ने अपना चेहरा ढंक रखा था। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों बच्चे को लेकर गुलजारबाग की ओर निकल गए थे। पुलिस फुटेज के आधार पर उनकी पहचान और आवाजाही से जुड़े सुराग जुटा रही है।

जानकारी के अनुसार, यह घटना 23 अक्टूबर की है। बेगूसराय निवासी सुधीर कुमार अपने परिवार के साथ दशहरा का मेला घूमने पटना आए थे। मेला घूमने के बाद परिवार पटना जंक्शन पर ट्रेन का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान थकान के कारण परिजनों की आंख लग गई। इसका फायदा उठाकर महिला और पुरुष ने उनके एक साल के बेटे को चोरी कर लिया।

घटना के बाद से परिवार परेशान है और बच्चे की सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए बैठा है। पुलिस की छह टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। अब जांच का दायरा वैशाली में हुई नवजात चोरी की घटना से भी जुड़ गया है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही आरोपियों तक पहुंचकर बच्चे को बरामद किया जा सकेगा।

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट