पटना सिटी: लोक आस्था के महापर्व छठ से पहले खाद्य पदार्थों की शुद्धता को लेकर पटना में फूड एंड सेफ्टी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। पटना सिटी के मालसलामी थाना क्षेत्र के दमराही घाट स्थित नामी राकेश मसाला कंपनी में छापेमारी कर करीब 18 लाख रुपये मूल्य का घी जब्त किया गया है। इस कार्रवाई के बाद खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

फूड एंड सेफ्टी विभाग ने की छापेमारी

जानकारी के अनुसार, फूड एंड सेफ्टी विभाग की टीम को सूचना मिली थी कि कंपनी में एक्सपायरी हो चुके घी को दोबारा रिसाइकिल करने का काम किया जा रहा है। इसी सूचना के आधार पर विभाग की टीम ने कंपनी परिसर में छापेमारी की। जांच के दौरान बड़ी मात्रा में घी बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 18 लाख रुपये बताई जा रही है।

एक्सपायरी घी को छठ में खपाने की थी तैयारी

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, एक्सपायरी हो चुके घी को दोबारा प्रोसेस कर बाजार में खपाने की तैयारी की जा रही थी। विभागीय टीम ने आशंका जताई कि लोक आस्था के महापर्व छठ के दौरान इस घी की आपूर्ति बाजार में की जा सकती थी। हालांकि, समय रहते कार्रवाई करते हुए पूरी खेप को जब्त कर लिया गया।

धार्मिक आस्था के साथ खिलवाड़

छठ महापर्व में घी का विशेष महत्व होता है। श्रद्धालु पूजा-पाठ, प्रसाद और ठेकुआ बनाने में घी का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शुद्धता से किसी भी तरह का समझौता लोगों के स्वास्थ्य और धार्मिक आस्था दोनों के लिए गंभीर चिंता का विषय है।

इस कार्रवाई ने एक बार फिर खाद्य पदार्थों में मिलावट और एक्सपायरी उत्पादों की दोबारा बिक्री की आशंका को सामने ला दिया है। अब देखना होगा कि जांच में कंपनी के खिलाफ क्या तथ्य सामने आते हैं और विभाग आगे क्या कार्रवाई करता है। फूड एंड सेफ्टी विभाग की इस कार्रवाई से त्योहारों के मौसम में खाद्य सुरक्षा को लेकर निगरानी और सख्त करने की जरूरत भी उजागर हुई है।

संजय कुमार की रिपोर्ट