पथ निर्माण विभाग की पहल : राजधानी रांची के तीन प्रमुख मार्गों के ऊपरी सतह का जल्द होगा कालीकरण
रांची: पथ निर्माण विभाग की ओर से जल्द ही तीन मुख्य मार्गों के जर्जर सड़क के ऊपरी सतह का कालीकरण कार्य कराया जाएगा. बारिश के मौसम में सड़कों पर बहने वाले पानी और जलजमाव के कारण इन प्रमुख सड़कों की स्थिति जर्जर हो चुकी है. कई जगहों पर कालीकरण सड़क की ऊपरी सतह उखड़ चुकी है तो कहीं छोटे-बड़े गड्ढों का निर्माण हो चुका है. डोरंडा-हिनू मार्ग पर भी कई जगहों पर सड़क धंस चुकी हैं. जुडको की ओर से राइजिंग पाइपलाइन बिछाए जाने के बाद खोदाई वाले स्थल को जीएसबी मटेरियल भरकर कालीकरण कार्य कराया गया था, लेकिन कुछ दिनों बाद ही सड़क कई जगहों पर धंस गई.
पथ निर्माण विभाग की ओर से फिलहाल तीन प्रमुख सड़कों के सरफेस कारपेटिंग कार्य के लिए टेंडर जारी कर दिया गया है. पथ निर्माण विभाग के अधिकारी ने बताया कि रातू रोड जंक्शन (न्यू मार्केट चौक) से एचईसी गेट (बिरसा राजपथ) तक 4.64 करोड़ की लागत से 7.80 किलोमीटर सड़क का सरफेस कारपेटिंग कार्य कराया जाएगा। निविदा निष्पादित होने के बाद एकरारनामा की तिथि से तीन माह के अंदर चयनित एजेंसी का कार्य पूरा करना होगा. इसी प्रकार,नेपाल हाउस से हिनू चौक वाया मेकॉन चौक तक (2.30 किलोमीटर) 2.74 करोड़ रुपय की लागत से सरफेस कारपेटिंग कार्य कराया जाएगा. चयनित एजेंसी को एकरारनामा की तिथि से तीन माह के अंदर कार्य पूरा करना होगा. इसी प्रकार, एलपीएन शाहदेव चौक से बूटी मोड़ रोड (7.90 किलोमीटर) का सरफेस कारपेटिंग का कार्य 9.02 करोड़ रुपये की लागत से कराया जाएगा। वहीं दूसरी ओर, पथ निर्माण विभाग की ओर से सिंहमोड़-लटमा-हेथू रोड से चरिया टोली होते हुए चंदाघासी तक वाया बड़काटोली ( ब्रिज के साथ) तक 2.38 किलोमीटर सड़क का निर्माण 14.86 करोड़ की लागत से कराया जाएगा. चयनित एजेंसी को एकरारनामा की तिथि से 13 माह के अंदर संबंधित सड़क का निर्माण कराना होगा.
पथ निर्माण विभाग की ओर से धुर्वा डैम के चारों ओर पेरिफेरल रोड, होसिर (डा. बीआर आंबेडकर चौक) से पिठोरिया-मेसरा रोड वाया एकम्बा, राल व सदकानाडु कनेक्टिंग रोड समेत धुर्वा पोस्ट ऑफिस, एसओ से सीठियो स्थित रिंग रोड तक फोरलेन सड़क के निर्माण को लेकर डीपीआर तैयार करने के लिए कंसल्टेंट का चयन किया जाएगा.





