पलामू के प्रज्ञा केंद्र में फायरिंग : लूटपाट की नियत से पहुंचे अपराघियों ने विरोध करने पर दंपति पर किया वार,हालत गंभीर
पलामू: जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत हूटार बस स्टैंड के पास स्थित प्रज्ञा केंद्र में दिनदहाड़े लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया गया है. हथियारबंद अपराधियों ने केंद्र संचालिका शमा परवीन को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया और उनके पति ईसरफील अंसारी के साथ मारपीट की.
तीन लाख और लैपटॉप लूटे
जानकारी के अनुसार, शमा परवीन अपने पति के साथ कहीं जा रही थी,तभी पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाया. बदमाशों ने प्रज्ञा केंद्र में घुसकर करीब 3 लाख नगद और एक लैपटॉप लूटकर फरार हो गया. जब संचालिका ने विरोध किया तो अपराधियों ने उनके पैर में गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं. वहीं, उनके पति ईसरफील अंसारी के साथ भी अपराधियों ने मारपीट और फायरिंग की. हालांकि, वे बाल-बाल बच गए.
लूटपाट का विरोध करने परदंपती पर वार
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए पुलिस को सूचना दी और घायल दंपती को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरवाडीह पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद महिला की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच रेफर कर दिया गया.
अपराधियों कीगिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है. थाना प्रभारी ने बताया कि अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोगों में आक्रोश भारी आक्रोश है.





