नवादा में निगरानी टीम ने की बड़ी कार्रवाई : रोह अंचल में पदस्थापित राजस्व कर्मचारी को 35 हजार घूस लेते दबोचा
नवादा: बड़ी खबर नवादा से है जहां निगरानी टीम ने जिले के रोह अंचल में पदस्थापित राजस्व कर्मचारी गुलशन कुमार को 35 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया है. यह कार्रवाई पटना से आई निगरानी विभाग की टीम द्वारा की गई है.
जानकारी के अनुसार राजस्व कर्मचारी द्वारा एक भूमि संबंधी कार्य के निष्पादन के बदले फरियादी से रिश्वत की मांग की जा रही थी. पीड़ित ने इसकी शिकायत निगरानी विभाग,पटना में की,जिसके बाद पूरे मामले की जांच की गई और आरोप सही पाए जाने पर जाल बिछाया गया.
पूर्व निर्धारित योजना के तहत जैसे ही गुलशन कुमार ने फरियादी से 35 हजार रुपये की रिश्वत ली, निगरानी टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया. गिरफ्तारी के बाद निगरानी टीम ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपी को अपने साथ पटना ले गई. इस कार्रवाई से अंचल कार्यालय में हड़कंप मच गया है. वहीं, इस घटना से क्षेत्र के आम लोगों में प्रशासन के प्रति भरोसा बढ़ा है और भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संदेश गया है.
नवादा से दिनेश कुमार की रिपोर्ट--





