नालंदा: बड़ी खबर बिहार केनालंदा से है जहां कर्मा पूजा के दिन जिले में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में नदी में डूबने से 3 लोगों की मौत हो गई. घटना के बाद परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है. वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच कर तीनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बिहार शरीफ भेज दिया.

कर्मा पूजा के दिन अलग-अलग स्थानों पर नदी में डूबने से बच्ची समेत 3 लोगों की मौत

पहली घटना रहुई थाना क्षेत्र के बसानपुर और कुवरडीह गांव के गोइठवा नदी की है,जबकि दूसरी घटना नगरनौसा थाना क्षेत्र के बल्धा गांव की है. रहुई थाना क्षेत्र के गोइठवा नदी में कर्मा पूजा को लेकर स्नान करने गई 42 वर्षीय राधा देवी और 7 वर्षीय नंदनी कुमार की डूबने से मौत हो गई. बताया जाता है कि बसानपुर गांव की रहने वाली राधा देवी और कुवरडीह गांव की नंदनी कर्मा पूजा को लेकर गोइठवा नदी में नहाने गई थी. इसी दौरान दोनों गहरे पानी में चली गईं और डूबने से दोनों की मौत हो गई. वहीं दूसरी घटना नगरनौसा थाना क्षेत्र के बल्धा गांव की है. यहां 19 वर्षीय दिलखुश कुमार कर्मा पूजा को लेकर तालाब से मिट्टी लाने गया था. परिजनों के मुताबिक,दिलखुश की बहन ने अपने भाई की लंबी उम्र के लिए कर्मा पूजा का व्रत रखा था. पूजा के लिए मूर्ति बनाने को मिट्टी लाने के दौरान पैर फिसलने से दिलखुश तालाब में जा गिरा और डूबने से उसकी मौत हो गई. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया. वहीं सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहार शरीफ सदर अस्पताल भेज दिया.