जयप्रकाश नारायण को श्रद्धांजलि : धनबाद में सम्पूर्ण क्रांति दिवस पर नेताओं ने याद किए लोकनायक के विचार
धनबाद:जिले में शुक्रवार को सम्पूर्ण क्रांति दिवस के अवसर पर लोकनायक जयप्रकाश नारायण को श्रद्धांजलि अर्पित की गई. लोकनायक स्मारक समिति के तत्वावधान में बैंक मोड़ स्थित जेपी चौक पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उनके विचारों को याद किया गया. कार्यक्रम में मेयर संजीव सिंह, पूर्व सांसद पीएन. सिंह, समाजसेवी विजय झा, जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह, जेएमएम नेत्री नीलम मिश्रा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे.
सम्पूर्ण क्रांति दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने लोकनायक जयप्रकाश नारायण के योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाने का संदेश दिया.
मेयर संजीव सिंह ने कहा कि सम्पूर्ण क्रांति दिवस केवल एक ऐतिहासिक अवसर नहीं, बल्कि लोकतंत्र और जनशक्ति की ताकत को याद करने का दिन है. उन्होंने कहा कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण ने देश को गुलामी की मानसिकता से मुक्त कराने और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने का संदेश दिया था. उन्होंने लोगों को लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने और जनआंदोलनों के महत्व को समझाया.
पूर्व सांसद पीएन सिंह ने कहा कि 5 जून 1974 को जयप्रकाश नारायण ने पटना के गांधी मैदान से सम्पूर्ण क्रांति का आह्वान किया था. उन्होंने बताया कि यह आंदोलन राजनीतिक, सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक बदलाव का प्रतीक था. उन्होंने आपातकाल के दौर का उल्लेख करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद लोगों का विश्वास लोकनायक के नेतृत्व में कायम रहा.
समाजसेवी विजय झा ने कहा कि सम्पूर्ण क्रांति का उद्देश्य समाज के हर क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाना था. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए समय-समय पर जनजागरण और परिवर्तन आवश्यक है. वहीं, जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह ने लोकनायक के आदर्शों को अपनाने और उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया.





