पटना: कोलकाता के चोरबागान सार्वजनिक दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ और मध्य प्रदेश के ग्वालियर में श्रद्धालुओं के साथ हुई सड़क दुर्घटना में जनहानि से राजनीतिक जगत में शोक की लहर है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कोलकाता भगदड़ की घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए पटना में अपने सभी सार्वजनिक कार्यक्रम रद्द कर दिए। वहीं, बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी दोनों घटनाओं पर शोक जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

कोलकाता भगदड़ से मर्माहत नितिन नवीन,सभी कार्यक्रम किए रद्द

पटना दौरे पर आए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में हुई भगदड़ की घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि उत्सव के माहौल में हुई इस दुखद घटना से उनका मन अत्यंत व्यथित है। हादसे में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति उन्होंने संवेदना जताई।

नितिन नवीन ने ईश्वर से शोकाकुल परिवारों को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति देने और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की। घटना की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने पटना में निर्धारित अपने सभी सार्वजनिक कार्यक्रम रद्द करने का निर्णय लिया। उन्होंने प्रभावित लोगों तक सहायता पहुंचाने के लिए प्रशासन की ओर से किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया।

CMसम्राट चौधरी ने कोलकाता भगदड़ पर जताया दुख

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के माध्यम से कोलकाता के दुर्गा पूजा पंडाल में हुई भगदड़ पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने श्रद्धालुओं की मृत्यु को अत्यंत दुखद और हृदयविदारक बताया।

मुख्यमंत्री ने मां दुर्गा से दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की। साथ ही, शोकाकुल परिवारों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति देने और हादसे में घायल लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

ग्वालियर सड़क हादसे में श्रद्धालुओं की मौत पर भी संवेदना

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मध्य प्रदेश के ग्वालियर में श्रद्धालुओं के साथ हुई सड़क दुर्घटना पर भी गहरा दुख जताया। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और ईश्वर से उन्हें इस दुख की घड़ी में धैर्य एवं शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

कोलकाता भगदड़ और ग्वालियर सड़क हादसे में हुई जनहानि ने कई परिवारों को गहरे दुख में डाल दिया है। इन घटनाओं पर भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की संवेदनाएं सामने आई हैं।

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट