एसपी कुमार शिवाशीष के निर्देश पर सुभाष चौक पर चला जांच अभियान,बिहार के काराकाट से पश्चिम बंगाल ले जाए जा रहे थे मवेशी,एक चालक फरार
कोडरमा: झारखंड के कोडरमा जिले में कथित अवैध पशु व्यापार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने तिलैया थाना क्षेत्र के सुभाष चौक पर जांच अभियान चलाकर मवेशियों से लदे 6 ट्रकों को जब्त किया है। इन ट्रकों से कुल 48 मवेशी बरामद किए गए हैं। वहीं, पुलिस ने 5 ट्रक चालकों को हिरासत में लिया है, जबकि एक चालक मौके से फरार हो गया।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने चलाया अभियान
मिली जानकारी के अनुसार, कोडरमा एसपी कुमार शिवाशीष को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ बड़े वाहनों में मवेशियों को लोडकर कोडरमा के रास्ते पश्चिम बंगाल के कोलकाता ले जाया जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने संबंधित पुलिस अधिकारियों को कार्रवाई का निर्देश दिया।
इसके बाद तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तिलैया थाना क्षेत्र के सुभाष चौक पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया। इस दौरान मवेशियों से लदे 6 ट्रकों को रोककर जांच की गई। जांच के क्रम में सभी ट्रकों से कुल 48 मवेशी बरामद किए गए।
बिहार के काराकाट से पश्चिम बंगाल ले जाए जा रहे थे मवेशी
पुलिस हिरासत में लिए गए ट्रक चालकों से पूछताछ में जानकारी मिली कि सभी मवेशियों को बिहार के काराकाट से ट्रकों में लोड किया गया था। इन्हें कोडरमा के रास्ते पश्चिम बंगाल ले जाया जा रहा था। पुलिस ने सभी 48 मवेशियों को अपने कब्जे में लेकर झुमरी तिलैया स्थित गौशाला में सुरक्षित रखवाया है।
पशुओं के कागजात की जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस जब्त मवेशियों से संबंधित कागजातों की जांच कर रही है। हिरासत में लिए गए पांचों चालकों से भी पूछताछ की जा रही है। वहीं, फरार हुए छठे चालक की तलाश की जा रही है।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मवेशियों के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मौजूद थे या नहीं और इस पूरे मामले में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
JHARKHAND CRIME
कोडरमा में पशु तस्करी पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 6 ट्रकों से 48 मवेशी जब्त, 5 चालक हिरासत में

