पटना : लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर पटना के आदर्श केंद्रीय कारा, बेऊर में भी भक्तिमय माहौल देखने को मिल रहा है. चार दिवसीय छठ महापर्व के दूसरे दिन खरना के अवसर पर जेल परिसर में विशेष तैयारियां की गई है. बेऊर जेल में कुल 37 बंदियों ने छठ व्रत रखा है. इनमें 21 पुरुष और 16 महिला बंदी शामिल हैं.
बंदियों की आस्था को देखते हुए जेल प्रशासन की ओर से छठ पूजा के लिए विशेष व्यवस्था की गई है. चार दिवसीय अनुष्ठान के दौरान व्रती बंदियों के बीच जेल प्रशासन की ओर से पूजन सामग्री और नए परिधानों का वितरण किया जाएगा. वहीं, अर्घ्य देने के लिए बेऊर जेल परिसर में कृत्रिम तालाब तैयार कर उसे आकर्षक ढंग से सजाया गया है. जेल परिसर में छठ पूजा को लेकर उत्साह और श्रद्धा का माहौल है. बंदी पूरे विधि-विधान के साथ भगवान सूर्य और छठी मैया की आराधना कर रहे हैं.
पटना से विवेक कुमार रॉय की रिपोर्ट-
