झारखंड विधानसभा का दो दिवसीय विशेष सत्र आज से शुरू हो रहा है. इस विशेष सत्र में MMDR कानून और SIR यानी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के खिलाफ विरोध प्रस्ताव तैयार कर केंद्र सरकार को भेजने की तैयारी है लेकिन सत्र शुरू होने से पहले ही इन दोनों मुद्दों पर झारखंड की सियासत गरमा गई है.सत्ता पक्ष जहां इसे झारखंड के हक और अधिकार की लड़ाई बता रहा है वहीं बीजेपी सरकार की मंशा पर सवाल खड़े कर रही है… बीजेपी का आरोप है कि सरकार इन मुद्दों की आड़ में जनता को बरगलाने और कोयला चोरों को संरक्षण देने की कोशिश कर रही है… ऐसे में दो दिनों तक चलने वाला यह विशेष सत्र राजनीतिक लिहाज से भी काफी अहम माना जा रहा है.

वही इस विशेष सत्र को लेकर सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. JMM के वरिष्ठ नेता मनोज पांडे ने इस सत्र को झारखंड के भविष्य और हक-अधिकार की लड़ाई के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताया है.मनोज पांडे का आरोप है कि केंद्र सरकार झारखंड के अधिकारों को छीनने की कोशिश कर रही है.MMDR कानून के जरिए राज्य के अधिकारों को सीमित किया जा रहा है वहीं SIR के नाम पर आदिवासी-मूलवासियों के मताधिकार को प्रभावित करने की कोशिश हो रही है.उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर आदिवासी-मूलवासी अपने पूर्वजों के वोट देने का रिकॉर्ड कहां से लाएंगे… मनोज पांडे का आरोप है कि SIR के जरिए बीजेपी विरोधी मतदाताओं को मतदाता सूची से हटाने की कोशिश की जा रही है.JMM नेता ने साफ कहा कि झारखंड आंदोलनकारियों की धरती है और अपने हक-अधिकार के लिए लड़ाई जारी रहेगी… इसी उद्देश्य से विधानसभा में प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार से झारखंड के अधिकारों का सम्मान करने की अपील की जाएगी.

इधर, बीजेपी ने विशेष सत्र के औचित्य पर ही सवाल खड़े कर दिए हैं… बीजेपी के मुख्य प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव का कहना है कि सरकार MMDR और SIR के मुद्दे पर राज्य की जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है.प्रतुल शाहदेव ने आरोप लगाया कि MMDR कानून में कोयला चोरी और अवैध खनन को लेकर सख्त प्रावधान किए गए हैं. सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के अनुसार राज्य को कानून बनने तक कुछ अधिकार मिले थे, लेकिन सदन से कानून बनने के बाद उन अधिकारों की स्थिति बदल जाती है. बीजेपी का आरोप है कि सरकार को इसी बात से परेशानी है, क्योंकि इससे कोयला चोरी करने वालों पर शिकंजा कस सकता है वहीं SIR को लेकर भी प्रतुल शाहदेव ने राज्य सरकार पर निशाना साधा.उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और JMM घुसपैठियों को दस्तावेज उपलब्ध कराकर मतदाता बनाने का काम कर रही हैं और अब SIR के जरिए ऐसे नाम हटाए जाने की प्रक्रिया से सरकार परेशान है.बीजेपी ने आरोप लगाया कि सरकार झारखंड के वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए विशेष सत्र का सहारा ले रही है.कुल मिलाकर झारखंड विधानसभा का यह दो दिवसीय विशेष सत्र सिर्फ विधायी कार्यवाही तक सीमित नहीं रहने वाला है.MMDR कानून और SIR के मुद्दे पर सदन के भीतर और बाहर सियासी टकराव देखने को मिल सकता है.एक तरफ सत्ता पक्ष केंद्र सरकार पर झारखंड के अधिकार छीनने का आरोप लगा रहा है तो दूसरी तरफ बीजेपी सरकार पर कोयला चोरों और घुसपैठियों को संरक्षण देने का आरोप लगा रही है…अब देखना होगा कि विधानसभा में पेश होने वाले विरोध प्रस्तावों पर क्या सहमति बनती है और केंद्र सरकार तक झारखंड की आवाज किस रूप में पहुंचती है