स्वामी सहजानंद सरस्वती सेवा समाज बोकारो के चुनाव को लेकर आज सेक्टर-8 स्थित समाज के बीएड कॉलेज में जमकर हंगामा हुआ। चुनाव की निष्पक्षता को लेकर समाज के ही लोगों ने सवाल खड़े किए और विरोध के दौरान मतपेटी को बाहर ले जाकर फेंक दिया गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और फिलहाल चुनाव प्रक्रिया को रोक दिया गया है।इस चुनाव को संपन्न कराने के लिए तीन लोगों को चुनाव पदाधिकारी बनाया गया है। इनमें चुनाव पदाधिकारी प्रमोद सिंह को लेकर अध्यक्ष पद के उम्मीदवार अविनाश कुमार ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका आरोप है कि चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है और कुछ लोगों को नियमों के विपरीत मतदाता बनाया गया है। विरोध करने पर धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

चुनाव पदाधिकारी राकेश राय ने चुनाव में पूरी निष्पक्षता बरतने का दावा किया है। उनका कहना है कि जिन लोगों का नाम मतदाता सूची में नहीं है, वही लोग चुनाव का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यह राजनीतिक चुनाव नहीं है, इसलिए मतदान एजेंट रखने की कोई आवश्यकता नहीं है।जानकारी के मुताबिक, स्वामी सहजानंद सरस्वती सेवा समाज का चुनाव करीब 13 वर्षों बाद कराया जा रहा है। चुनाव से पहले सदस्यता अभियान भी चलाया गया था। आरोप है कि सदस्यता लेने वाले करीब 500 लोगों को चुनाव प्रक्रिया में भाग लेने से वंचित कर दिया गया है।फिलहाल विवाद के बाद पुलिस की मौजूदगी में चुनाव प्रक्रिया रोक दी गई है और पूरे मामले को लेकर दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं।