बीसीसीएल एरिया संख्या-6 अंतर्गत गोन्दुडीह खास कुसुण्डा कोलियरी में कोयला आवंटन की मांग को लेकर असंगठित मजदूरों ने महाप्रबंधक के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। इस दौरान मजदूरों ने कांटा घर का काम भी बंद करा दिया। प्रदर्शन का नेतृत्व बासुदेव यादव ने किया।

बासुदेव यादव ने आरोप लगाया कि बीसीसीएल प्रबंधन द्वारा डंप में कोयला नहीं गिराया जा रहा है जबकि यही कोयला रेलवे साइडिंग में भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रबंधन की ओर से मजदूरों को लगातार आश्वासन दिया जा रहा है लेकिन उनकी मांगों पर कोई ठोस पहल नहीं की गई है।

मजदूरों का कहना है कि नई आउटसोर्सिंग कंपनी के आने के बाद से उन्हें कोयला आवंटित नहीं किया जा रहा है। जिससे मजदूरों में भुखमरी की स्थिति उत्पन्न हो गई है।मजदूरों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द पहल नहीं की गई तो वे आगे भी जोरदार विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।