गिरिडीह जिले के सरिया थाना क्षेत्र के नीमाटांड़ स्थित बराकर पुल के नीचे मंगलवार को एक नवजात शिशु का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना पर घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है।जानकारी के अनुसार, कुछ स्थानीय लोग बराकर नदी किनारे गए थे। इसी दौरान उनकी नजर पुल के नीचे पड़े नवजात के शव पर पड़ी। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना सरिया पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की।थाना प्रभारी पिंकू कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नवजात की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उसका शव पुल के नीचे कैसे पहुंचा।स्थानीय लोगों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कराने और घटना के सभी पहलुओं की गंभीरता से छानबीन करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।