बोकारो से एक बेहद दुखद और दर्दनाक खबर के साथ। तेज रफ्तार और कथित अवैध कारोबार ने एक और बेकसूर की जान ले ली है।बुधवार को बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र के नई बस्ती भुइयांटोला मुख्य सड़क पर एक तेज रफ्तार बाइक ने 55 वर्षीय महिला को कुचल दिया। हादसे में मौके पर ही महिला की मौत हो गई।मृतक महिला की पहचान फूलमती देवी के रूप में हुई है, जिनकी उम्र 55 वर्ष थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जो बाइक इस हादसे की वजह बनी, उस पर अवैध कोयला लादा गया था। यानी एक बार फिर रफ्तार और अवैध खनन का यह कॉकटेल सड़क पर भारी पड़ा है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, फूलमती देवी अपने पति रिबलाल सिंह के साथ पैदल ही घर से काली पूजा का मेला देखने निकली थीं। खुशियों भरा यह पल कुछ ही पन्नों में मातम में बदल गया। मेला देखने जा रही महिला को तेज रफ्तार बाइक ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद मौका पाकर बाइक चालक मौके से फरार हो गया, जो कानून के डर से ज्यादा अपनी करतूत पर पर्दा डालने की फिराक में था।घटना के तुरंत बाद गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। मुआवजे की मांग को लेकर लोगों ने बोकारो थर्मल नरकी मुख्य सड़क को जाम कर दिया है। सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं और माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बेरमो अंचल अधिकारी (CO) संजीत कुमार और बोकारो थर्मल थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर रोहित कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच चुके हैं। अधिकारियों द्वारा लगातार आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों को समझाने-बुझाने का प्रयास जारी है, ताकि सड़क जाम हटाया जा सके और यातायात सुचारू हो सके।