पुलिस की पूछताछ में गिरोह की रेकी करने का एक अलग तरीका भी सामने आया है। आरोपी घर-घर जाकर लोगों से धार्मिक और वास्तु से जुड़ी बातें करते थे। कई जगहों पर वे यह कहते थे कि गाय की हत्या हो गई है, जिसकी क्षमा और पिंडदान के लिए बनारस जाना है।रेकी के बाद आरोपी अपने गिरोह के अन्य सदस्यों को इसकी सूचना देते थे। इसके बाद रात के समय बंद घर को निशाना बनाकर दरवाजा या खिड़की तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया जाता था।

दरअसल पलामू पुलिस ने शहर थाना कांड संख्या 315/2026 का उद्भेदन करते हुए अंतरजिला गृहभेदन और चोरी गिरोह के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के सोने-चांदी के आभूषण के साथ-साथ घरों के दरवाजे और खिड़की तोड़ने में इस्तेमाल किए जाने वाले औजार भी बरामद किए हैं।दरअसल, 28 अगस्त 2026 को सदुना, गायत्री मंदिर रोड निवासी प्रेमजीत कुमार सिंह के घर में चोरी की घटना सामने आई थी। इस मामले में शहर थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।मामले की गंभीरता को देखते हुए पलामू एसपी कपिल चौधरी के निर्देश पर सदर एसडीपीओ राजेश यादव के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी शाखा और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।

जांच के दौरान पुलिस टीम ओडिशा के मयूरभंज जिले के रायरंगपुर पहुंची, जहां से तीन संदिग्धों को पूछताछ के लिए लाया गया। पूछताछ में पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पलामू और गढ़वा जिले के अलग-अलग इलाकों में बंद घरों की दिन के समय रेकी करने और रात में उन्हीं घरों को निशाना बनाने की जानकारी दी।पुलिस के मुताबिक, गिरोह चोरी के दौरान नगद रुपये और सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो जाता था। पूछताछ में यह भी सामने आया कि चोरी किए गए आभूषणों को रोहतास जिले के डालमियानगर स्थित प्रमोद ज्वेलर्स में बेचा जाता था।इसके बाद पुलिस ने डालमियानगर से दो अन्य आरोपियों को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार पूछताछ और आरोपियों की निशानदेही पर शहर थाना क्षेत्र में अलग-अलग तारीखों में हुई कई चोरी की घटनाओं में उनकी संलिप्तता सामने आई।पुलिस ने प्रमोद ज्वेलर्स से लगभग 45 ग्राम सोना, माला और लॉकेट सहित करीब 80 ग्राम सोना जैसा आभूषण तथा लगभग 7.8 किलोग्राम चांदी जैसा आभूषण बरामद किया है। इसके अलावा दरवाजा और खिड़की काटने या तोड़ने में इस्तेमाल होने वाले पिलास, सब्बल, पगहा, टांगी, दाब और मुलेल समेत कई औजार भी बरामद किए गए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों में लक्ष्मण मोदी उर्फ लक्ष्मण खेरवार, प्रमोद सोनी, अरविन्द खेरवार, राजू कुमार और राज कुमार शामिल हैं। इनमें कुछ आरोपी झारखंड के सरायकेला-खरसावां और हजारीबाग जिले के रहने वाले हैं, जबकि अन्य का संबंध बिहार के रोहतास जिले से है।फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और गिरोह से जुड़े अन्य मामलों तथा सदस्यों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई में सदर एसडीपीओ राजेश यादव, शहर थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार समेत क्राइम कंट्रोल विंग और शहर थाना की टीम शामिल रही।